वन महोत्सव पर नहीं मिलेगा छात्रों का साथ

By: Jul 8th, 2020 12:20 am

स्कूल और कालेज बंद होने से पौधारोपण में वन विभाग की बढ़ेगी कसरत, एक लाख 42 हजार पौधे लगाएगा महकमा

हमीरपुर-वन महोत्सव पर इस बार फोरेस्ट डिपार्टमेंट को छात्रों का साथ नहीं मिलेगा। कारण साफ है कि स्कूल व कालेज बंद होने के कारण छात्रों के माध्यम से पौधारोपण अभियान नहीं चलाया जा सकता। ऐसे में अब वन विभाग की दिक्कतें थोड़ी बढ़ जरूर जाएंगी। हालांकि विभाग ने अपने स्तर पर एक लाख 42 हजार पौधे लगाने का फैसला लिया है। वन महोत्सव अभियान में इस बार कोरोना महामारी का असर देखने को मिलेगा।  शिक्षण संस्थान बंद हैं इसके चलते पौधारोपण की जिम्मेदारी अब वन विभाग के ऊपर ही टिकी हुई है। बता दें कि हर बार जुलाई महीने में वन विभाग द्वारा वन महोत्सव मनाया जाता है। इसमें स्कूल व कालेज के छात्रों का सहयोग लिया जाता है। हजारों पौधे छात्रों के माध्यम से वन क्षेत्र व स्कूल व कालेज के आसपास लगाए जाते हैं ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। इस बार कोरोना की मार के चलते स्कूल व कालेज बंद पड़े हैं। ऐसे में पौधारोपण अभियान की सारी जिम्मेदारी इस बार वन विभाग के कंधों पर ही होगी। गौरतलब है कि वन मंडल हमीरपुर द्वारा इसी माह पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिला में अभी बरसात न होने के चलते पौधारोपण अभियान में देरी हो रही है। 0पौधारोपण अभियान में मंडल हमीरपुर की ओर से 300 हेक्टेयर भूमि पर एक लाख  42 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

हालांकि इस बार सुखद पहलू वन विभाग के लिए यह रहा है कि समय-समय पर हुई बारिश के कारण इस बार जंगल आग की भेंट चढ़ने से बच गए हैं। हर साल ग्रीष्म ऋतु में जंगल आग की भेंट चढ़ जाते थे। जिस कारण वन संपदा को अधिक नुकसान पहुंचता था, लेकिन इस बार ज्यादा अग्निकांड सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि बरसात के कारण उग रही पौध से भी जंगल में वृद्धि होगी। वहीं वन विभाग भी वन महोत्सव के रूप  में एक लाख 42 हजार  पौधे रोपेगा।

क्या कहते हैं वन मंडल अधिकारी

वन मंडल अधिकारी हमीरपुर एलसी बंदना ने कहा कि हर वर्ष स्कूल, कालेज और अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पौधारोपण किया जाता है, लेकिन इस बार कोरोना के चलते छात्रों और लोगों का सहयोग नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के लिए हमीरपुर जिला में अभी तक पर्याप्त मात्रा में बारिश नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बरसात के शुरू होते ही पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन मंडल हमीरपुर की ओर से फेंसिंग तार लगाना और गड्ढे खोदने का कार्य पूर्ण कर दिया गया है और जल्द ही पौधारोपण का कार्य शुरू  किया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App