विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही प्रदेश सरकार, जारी रहेगा विरोध

By: Jul 30th, 2020 12:30 am

सीएम पर भड़के कांग्रेस के नेता; बोले, हम डरने वाले नहीं

शिमला – प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों पर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। इस तरह से विपक्ष को दबाने की कोशिश नहीं की जा सकती। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, ठाकुर सिंह भरमौरी, पवन काजल, डा. कैलाश पराशर, कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने संयुक्त बयान में पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर, विधायक नंद लाल, मोहन लाल व विक्रमादित्य सिंह पर ठियोग में आयोजित विरोध रैली पर पुलिस मामले बनाने की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस न तो इससे डरने वाली है और न ही किसी दबाव में आने वाली।

उन्होंने कहा कि न तो विपक्ष की आवाज को दबाया जा सकता है और न ही लोगों की आवाज को। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कानून पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में उनकी यह तानाशाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सहित पार्टी नेताओं पर विरोध प्रदर्शन के खिलाफ बनाए जा रहे पुलिस मामलों से साफ है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह बौखलाहट में हैं और सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं, मगर कांग्रेस उनसे डरने वाली नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App