कश्यप बोले, 2022 को बनाना है इतिहास

सोलन पहुंचने पर बोले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मंत्री सुखराम चौधरी

सोलन-2022 के विधानसभा चुनाव में इतिहास बनाना है। पार्टी इसी दिशा में आगे कार्य करेंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पहली बार सोलन पहुंचे सांसद सुरेश कश्यप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश में भाजपा की सरकार को सत्ता में फिर लाना है यही उनका दायित्व होगा। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन्हें दी गई है वे उसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जब दायित्व बढ़ता है तो जिम्मेदारियां भी बढ़ती है।  संगठन को मजबूत बनाने और संगठन में नई नियुक्तियों की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि पूर्व के सभी अध्यक्षों ने बेहतर कार्य किया है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में भाजपा इतनी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भी संगठन में बेहतर कार्य किया है, जिससे पार्टी और अधिक सुदृढ़ हुई है और उन्होंने अच्छा संगठन तैयार किया है। यदि इसमें कहीं कोई बदलाव की संभावना नहीं है। जहां जरुरत होगी वहां अवश्य करेंगे। पहली बार मंत्री बने सुखराम चौधरी ने कहा कि 2022 में सरकार

रिपीट करेंगे। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला से पांचों सीटें सीएम जयराम ठाकुर की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि अब तो वैसे भी सिरमौर से कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि सुरेश कश्यप प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। साथ ही डा. राजीव बिंदल जैसे सुलझे हुए व्यक्ति सिरमौर में बैठे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने बलदेव तोमर का नाम लेते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर 2022 में जीत का परचम लहराएंगे।  चौधरी ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र का विकास तब तब हुआ है, जब प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है।  इससे पूर्व दोनों का सोलन पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को बधाई दी। इस दौरान दोनों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और एकजुट होकर कार्य करने को कहा। इस मौके पर भाजपा नेता डा. राजेश कश्यप, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।