धनेटा में खुलेगा पीडब्ल्यूडी का डिवीजन

By: Aug 13th, 2020 12:02 am

कार्यालय संवाददाता-नादौन-हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के धनेटा में लोक निर्माण विभाग का डिवीजन खुलेगा। इस डिवीजन के अस्तित्व में आने के बाद समूचे विधानसभा क्षेत्र की 468 किलोमीटर लंबी सड़कों की देख-रेख और रख-रखाव का कार्य सुगम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जल्द ही इस डिवीजन को जनता के लिए समर्पित करेंगे। निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में अभी तक लोक निर्माण विभाग का कोई भी डिवीजन नहीं था। यहां की व्यवस्था हमीरपुर और बड़सर स्थित डिवीजन कार्यालयों के सुपुर्द थी। अलग विधानसभा क्षेत्रों के मुख्यालय पर डिवीजन होने की वजह से नादौन क्षेत्र के सड़क निर्माण कार्यों पर असर पड़ता था।

उन्होंने कहा कि नादौन सब-डिवीजन की 165 किलोमीटर सड़कें हमीरपुर डिवीजन के अधीन थीं। जबकि धनेटा सब-डिवीजन की 303 किलोमीटर लंबी सड़कों का जिम्मा बड़सर मंडल के अधीन था। उन्होंने कहा कि धनेटा में डिवीजन खुल जाने के बाद यहां के धनेटा और नादौन स्थित दोनों सब डिवीजन इसके अधीन आएंगे। जबकि जोल सप्पड़ में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए एक नया सब डिवीजन भी सृजित कर इस डिवीजन के अधीन होगा। इस तरह से लोक निर्माण विभाग के धनेटा डिवीजन में नादौन धनेटा सहित मेडिकल कालेज जोल सप्पड़ को मिलाकर  कुल तीन सब डिवीजन इसके अधीन कार्य करेंगे।

श्री अग्निहोत्री ने इसे नादौन के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बताते हुए यहां की जनता की तरफ से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार प्रकट किया है। उधर, नादौन विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के डिवीज़न कार्यालय की घोषणा पर लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा मंडलाध्यक्ष हरदयाल सिंह ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन विनोद पठानिया, केशव कपिल, संजीव कुमार, राज विज, राजेश नंदा, रमेश कपिल, अक्षय शर्मा, उपाध्यक्ष उमा चंद, मंडल महामंत्री पवन शर्मा, राजिंदर ठाकुर, अजमेल वर्मा, सरवन सिंह, नरेश कुमारए, किसान मोर्चा के अध्यक्ष विपिन कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष चौधरी चंदू लाल आदि ने इस उपलब्धि का सारा श्रेय निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री को देते हुये मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विजय अग्निहोत्री और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मैत्रीपूर्ण जोड़ी ने विस क्षेत्र नादौन में विकास कार्यों की ऐतिहासिक गाथा लिख कर  नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App