प्रदेश को केंद्र से बड़ी सौगात

By: Aug 9th, 2020 1:19 am

 जल शक्ति मंत्रालय की निवेश अनुमति समिति ने हिमाचल के खाते में डाली 10 में से छह परियोजनाएं

 7922 करोड़ के प्रोजेक्ट, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण पर फोकस

 रेणुकाजी बांध परियोजना में मिलेगा बड़ा हिस्सा, मंडी, कांगड़ा और शिमला के लिए भी प्लान

धर्मशाला  –केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए 7922.69 करोड़ रुपए की छह परियोजनाओं को मंजूरी दी है। दिल्ली में हुई जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग की 13वीं निवेश अनुमति समिति (आईसीसी) की बैठक में हिमाचल को यह सौगात मिली। ये परियोजनाओं में सिंचाई, बहुउद्देशीय तथा बाढ़ नियंत्रण पर आधारित हैं। कांगड़ा प्रवास के दौरान धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि बैठक में स्वीकृत कुल 10 परियोजनाओं में से छह हिमाचल के ख़ाते में आई हैं। अन्य चार में तीन महाराष्ट्र तथा एक तामिलनाडु के लिए स्वीकृत की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इनमें से 69466.99 करोड़ रुपए की रेणुका जी बांध परियोजना (राष्ट्रीय परियोजना) और हिमाचल सरकार की 975.70 करोड़ रुपए की पांच परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने साथ ही कहा कि हिमाचल  को रेणुकाजी बांध परियोजना से 40 मेगावाट मुफ्त बिजली और 3.15 प्रतिशत की जल हिस्सेदारी मिलेगी। जयराम ठाकुर ने बताया कि इन पांच परियोजनाओं में मंडी जिला की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की सकड़ैन, मलठोड़, थोथू, डोल और समौर खड्ड के लिए 145.73 करोड़ रुपए, कांगड़ा जिला की नकेड़ खड्ड और इसकी सहायक नदियों के लिए 231.02 करोड़ रुपए, सिरमौर की यमुना नदी के दाएं किनारे और इसकी सहायक नदियों के लिए 250.46 करोड़, मंडी जिला में बरछवाड़ से जाहू तक शीर खड्ड के लिए 157.66 करोड़ रुपए तथा शिमला जिला की रोहड़ू तहसील में तक्कड़ी से हाटकोटी तक पब्बर नदी के लिए 190.82 करोड़ रुपए की सिंचाई, बहुउद्देश्यीय एवं बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App