हमेशा भ्रम में ही रहते हैं अग्निहोत्री

मंत्री वीरेंद्र कंवर बोले; समय पर ही होंगे पंचायत चुनाव गंभीर है सरकार

ऊना – नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हमेशा ही वास्तविकता से परे भ्रम की स्थिति में रहते हैं। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस द्वारा कई प्रकार के भ्रम जनता में डाले जा रहे हैं, जबकि सरकार समय के अनुसार ही पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कुछ पंचायतों के पुनर्सीमांकन कर नई पंचायतों के गठन की दलील दी है, जिस पर सरकार ने गंभीरता से विचार किया है।

वहीं, सांख्यिकी विभाग ने भी 31 दिसंबर से पहले अपना कार्य पूरा किए जाने की बात सामने लाई है। इन सब बातों पर सरकार गंभीरता से विचार-विमर्श कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का चुनाव आयोग अपना कार्य कर रहा है, ताकि तय समय के भीतर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाए जाएं।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं टाले जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष इस बारे में मनगढ़ंत बातें करके जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तब से प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम कर रही है। भाजपा द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों से कांग्रेस तिलमिला उठी है।