आज फिर खुल जाएंगे सचिवालय के दरवाजे

By: Aug 3rd, 2020 12:30 am

शिमला – राज्य सचिवालय सोमवार को खुल जाएगा। शनिवार व रविवार को दो दिन तक सचिवालय पूरी तरह सेनेटाइज किया गया है, क्योंकि यहां कोरोना के तीन मामले सामने आ चुके हैं। इससे यहां के कर्मचारी भी भयभीत थे, जिन्होंने सचिवालय के बाहर गुरुवार को प्रदर्शन किया था। अब सचिवालय को सेनेटाइज कर दिया गया है, जिसके बाद सोमवार से यहां फिर से गतिविधियां शुरू होंगी। इसके साथ प्रदेश सरकार के नए मंत्री भी अपना कार्यभार संभाल लेंगे। औपचारिक  रूप से ये लोग सचिवालय में नहीं बैठे थे।

जो बैठे थे, उन्हें उनके विभागों का पता नहीं था। वहीं, जो पुराने मंत्री हैं, उनके विभाग भी बदले गए हैं, लिहाजा नए अधिकारियों के साथ नए विभागों का कामकाज वे शुरू करेंगे। सरकार द्वारा बनाए गए तीन नए मंत्रियों पर सभी की नजरें रहेंगी, जिनके विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकों का दौर सचिवालय में शुरू होगा। जिन मंत्रियों को दूसरे विभाग मिले हैं, उनकी भी यहां बैठकें होंगी लिहाजा सोमवार को गतिविधियां तो शुरू होंगी, लेकिन पूरे नियमों के साथ। सचिवालय में बाहर से आने वाले लोगों पर अभी भी प्रतिबंध जारी रहेगा, वहीं जो कर्मचारी होम क्वारंटाइन में भेजे गए हैं, उन्हें भी अभी वापस नहीं बुलाया गया है। यहां दहशत का माहौल कायम है।

इस बीच सोमवार को सभी महिला कर्मचारियों का अवकाश रहेगा। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते उन्हें अवकाश दिया गया है लिहाजा महिला कर्मचारी दफ्तरों में नहीं आएंगी। इन महिलाओं को एचआरटीसी की बस में भी फ्री बस सेवा की सुविधा यहां दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App