बखूबी निभाऊंगा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी

By: Aug 16th, 2020 12:20 am

मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बोले, प्रदेश में शिक्षा नीति लागू कर होगा बेहतरीन काम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू-शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि लंबे संघर्ष और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से आज अधिनियम 370 इतिहास बना है और जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बन गया है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व को जाता है। अयोध्या में भगवान राम मंदिर का निर्माण भी करोड़ों  भारतवासियों का सपना था।  जो कई वर्षों की प्रतीक्षा के बाद पूरा हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री का देश के लिए नई शिक्षा नीति की घोषणा के लिए भी आभार व्यक्त कियाए जिससे भारत का एक बार पुनः विश्व गुरु बनने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें परिवहन, वन की जिम्मेदारी दी थी। जिसे बखूबी निभाया है। आज एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सरकार ने सौंपी है शिक्षा विभाग की। उसे भी बखूबी निभाएंगे। प्रदेश में शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य होगा। वहीं, उपस्थित सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेश भाग्यशाली है इसे जयराम ठाकुर जैसे मुख्यमंत्री का नेतृत्व मिला है। जो समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोरोना महामारी सेे निपटने के लिए महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अन्य राज्य के मुख्यमंत्रियों को इस वायरस से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश द्वारा किए गए उपायों को अपनाने का सुझाव दिया है। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के लिए और सिंचाई व पेयजलापूर्ति योजनाएं घोषित करने का आग्रह किया। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के लिए राहत पैकेज प्रदान करने का भी आग्रह किया जो कोरोना महामारी के कारण प्रभावित हुआ है। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों का ब्यौरा दिया। विधायक सुरेंद्र शोरी और किशोरी लाल, मुख्य सचिव अनिल खाची, उपाध्यक्ष एचपीएमसी राम सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, राज्य भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता युवराज, रमेश शर्मा, राहुल सोलंकी,  उपायुक्त कुल्लू डा. ऋचा वर्मा, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह भी अन्य सहित इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App