बरसात का कहर, हीरू में दरक रहे पहाड़

धर्मशाला- पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भयंकर बरसात अब लगातार अपना रौद्र रूप भी दिखाने लगी है। नगर निगम धर्मशाला के तहत वार्ड नंबर दो मकलोडगंज के हीरू क्षेत्र में लगातार भू-स्खलन हो रहा है। पिछले सात दिनों से हासे रहे लैंड स्लाइड के कारण रास्ता पूरी तरह से बह गया है। इतना ही नहीं, अब क्षेत्र के लोगों को उनके घर की तरफ भी भू-स्खलन होने का खतरा सताने लगा है। वहीं, भू-स्खलन दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, रास्ते में पूरी तरह से भू-स्खलन की चपेट में आने के कारण एमर्जेंसी हालत मे यहां से आवाजाही करने में भी बहुत मुश्किल हो रही है। अभी तक प्रशासन के द्वारा इस विषय में कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों को अब भारी जन माल का नुकसान का भी डर सताने लगा है। स्थानीय लोगों में से अमित वशिष्ठ, आतिश कुमार, नरेंद्र सिंह, विनोद जरियाल, चमन नैहरिया और अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि भू-स्खलन की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। इससे रास्ते को पूरी तरह से भू-स्खलन की चपेट में आने से बचाया जा सकें। साथ ही अन्य क्षेत्र लैंड स्लाइड की चपेट में न आए।