बारिश ने बहाए पौने छह करोड़ रुपए

By: Aug 7th, 2020 12:20 am

पीडब्ल्यूडी को साढ़े चार करोड़; आईपीएच को एक करोड़ की चपत, उच्च अधिकारियों ने भेजी रिपोर्ट

बिलासपुर – जिला में अब बरसात का कहर देखने को मिल रहा है। बरसात के मौसम में आम जनता को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बरसात के मौसम के चलते अब तक करीब पौने छह करोड़ का नुकसान जिला भर में हो चुका है। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को हुआ है। लोक निर्माण विभाग को करीब साढ़े चार करोड़ और एक करोड़ नुकसान सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को हुआ है। अन्य विभागों को भी नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। बरसात के चलते जिला में भर फसलों को भी नुकसान हुआ है। मक्की की फसल को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, दो कच्चा मकान बारिश के चलते गिरे हुए हैं। इनमें छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा चार कच्चे मकानों को भी हल्का नुकसान हुआ है। इसमें सवा लाख के नुकसान का अनुमान है। पांच गौ शालाओं को भी बारिश के चलते नुकसान हुआ है। इसमें करीब पौने दो लाख के नुकसान का अनुमान है। वहीं, लोक निर्माण विभाग को 440.74 लाख और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को 106.38 का नुकसान हुआ है। इसके अलावा अन्य उपकरणों को भी नुकसान हुआ है। इसमें 3.10 लाख का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार अभी तक विद्युत बोर्ड, पशु पालन विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, मत्स्य, एमसी को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन आगामी दिनों में बरसात का और कहर देखने को मिल सकता है। हालांकि जहां पर भी बारिश के चलते नुकसान हुआ है। वहां का निरीक्षण संबधित अधिकारी,कर्मचारी भी कर चुके हैं। बाकायदा पात्र को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का भी लाभ मुहैया करवाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हर साल बरसात का कहर जिला में देखने को मिलता है। लेकिन इस बार बरसात से कम ही नुकसान देखने को मिला है। जिसके चलते आम लोगों ने भी अभी राहत की ही सांस ली है, लेकिन आगामी दिनों में भी बरसात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। बहरहाल, बरसात के मौसम से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारियां कर ली हैं। उधर, इस बारे में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय धीमान ने बताया कि बरसात के चलते अभी तक करीब साढ़े पांच करोड़ के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि आगामी बरसात के मौसम को लेकर सतर्क रहें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App