बीरबल शर्मा को हिमाचल गौरव  सम्मान

By: Aug 7th, 2020 12:20 am

मंडी- हिमाचल के मशहूर छायाकार एवं हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी के संस्थापक बीरबल शर्मा को प्रदेश सरकार का हिमाचल गौरव पुरस्कार 2020 से नवाजा जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें छायांकन के क्षेत्र में उनकी अनेक उपलब्धियों के लिए दिया जाएगा।  प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 15 अगस्त को कुल्लू में होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदान करेंगे। बीरबल शर्मा प्रदेश के एकमात्र ऐसे छायाकार हैं, जिन्होंने 55673 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस प्रदेश की कंदराओं को अपने कदमों से नापा है। उन्होंने किसी खास महत्व वाले स्थल तक जाने के लिए कई कई दिन की यात्रा तय की हैं। वहीं नदियों के उद्गम स्थलों तक पहुंचने के लिए जान भी हथेली पर रख कर कठिन यात्राएं की हैं। उन्होंने खतरनाक रोमांचक दर्रों को बर्फानी ठंडी हवाओं , पांव छलनी होने के बावजूद पार कर बड़ा भंगाल, डोडरा क्वार, पांगी, गरवीं दरैहट, श्री खंड महादेव, किन्नर कैलाश, नीलकंठ महादेव, मणी महेश, दशैहर, भृगु, चंद्रताल, खीर गंगा, मानतलाई, सरयोलसर, पार्वती घाटी, चंद्रनाहन, पब्बर घाटी, भूवू जोत, चांसल दर्रा, थमसर जोत, साच पास जैसे कई ऐसे स्थलों की पैदल यात्रांए उस समय की हैं, जब इन जगहों पर पहुंचना नामुनकिन माना जाता था, लेकिन उन्होंने इन जगहों पर पहुंच यहां के दृश्यों को अपने कैमरे में कैद किया है। बीरबल शर्मा 15 अगस्त 1972 को फोटोग्राफी की दुनिया में उस समय कदम रखा था। जब वे  महज 16 साल के थे और आज उनके पास दो लाख से भी अधिक ऐसे लोगों व ऐसे स्थानों के चित्र हैं, जो उन्होंने शौक से ही खींच रखे हैं। 1997 में बीरबल शर्मा ने मंडी शहर के साथ ही हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी की स्थापना की है। इस गैलरी में एक ही छत के नीचे सारे हिमाचल के दर्शन किए जा सकते हैं। यहां पूरे प्रदेश के ऐसे सभी प्रमुख स्थानों के छायाचित्र लगाए गए हैं, जिन्हें देखते ही आनंद की अनुभूति होती है। देश की कई बड़ी बड़ी हस्तियां और विदेशों से आने पर्यटक इस गैलरी को देख चुके हैं। उधर, बीरबल शर्मा को यह पुरस्कार मिलने पर विभिन्न संस्थाओं व बुद्धिजीवियों व कला प्रेमियों ने बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App