छात्रों की मनोदशा सुधारेगा ‘मनोदर्पण’, राष्ट्रीय स्तर पर हुए सर्वे के तहत केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बिलासपुर Aug 11th, 2020 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बिलासपुर

कोविड-19 की वजह से सरकारी पाठशालाओं में ऑनलाइन आयोजित की जा रही कक्षाओं के तहत अस्थिर हो रहे विद्यार्थियों को मन को सशक्त एवं सकारात्मक बनाया जाएगा। इस बाबत केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से हाल ही में एक नई गाइडलाइन जारी की गई है। मनोदर्पण नामक प्रोग्राम आरंभ कर शिक्षा मंत्रालय विद्यार्थियों की मनोदशा को सुधारने की दिशा में काम करेगा। व्हाट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से विद्यार्थियों को एक विशेष लिंक उपलब्ध करवाया जाएगा, जिसमें मन को पढ़ाई के लिए स्थिर रखने में मदद मिलेगी, तो वहीं, मनोदशा सकारात्मक भी होगी। जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन के बीच ऑनलाइन शुरू की गई पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई से अस्थिर हो रहा है और मन में भी नकारात्मक विचार आ रहे हैं। कई विद्यार्थी मोबाइल फोन का प्रयोग पढ़ाई पर लगाने के बजाय अन्य चीजों की तरफ लगाकर एनर्जी व्यर्थ गंवा रहे हैं।

सही तरीके से मन पढ़ाई में न लगने की वजह से बच्चे ऑनलाइन स्टडी का सही उपयोग नहीं कर पा रहे। राष्ट्रीय स्तर पर हुए एक सर्वे में यह बात सामने आई, जिस पर गहन चिंतन करते हुए शिक्षा मंत्रालय की ओर से एक गाइडलाइन जारी की गई है। पढ़ाई से भटक रहे बच्चों की मनोदशा को स्थिर बनाने के लिए मनोदर्पण नामक इस प्रोग्राम के जरिए बच्चों के मन को न केवल स्थिर किया जाएगा, बल्कि सकारात्मक भी बनाया जाएगा। एक तरह से बच्चों को ऑनलाइन स्टडी के लिए सकारात्मक रूप में तैयार किया जाएगा। यह गाइडलाइन सभी डाइट को निदेशालय की तरफ से प्राप्त हुई है। जल्द ही मंत्रालय की ओर से आगामी आदेश आएंगे, जिसके बाद इसे लागू किया जाएगा।

उधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग बिलासपुर के उपनिदेशक सुदर्शन कुमार ने मनोदर्पण प्रोग्राम के जल्द शुरू होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हालांकि अभी यह प्रोग्राम शुरू नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इस संदर्भ में नए आदेश आएंगे। उन्होंने बताया कि मनोदर्पण नाम से शुरू किए जाने वाले इस प्रोग्राम के तहत व्हाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से बच्चों तक एक विशेष लिंक को पहुंचाया जाएगा, जिसमें ऑनलाइन स्टडी के लिए बच्चों को मानसिक तौर पर सकारात्मक एवं सशक्त बनाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App