सिविल अस्पताल पांवटा की सामान्य ओपीडी बंद

By: Aug 8th, 2020 12:20 am

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग का निर्णय

पांवटा साहिब-पांवटा साहिब के विधायक और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पांवटा साहिब में हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी भय में है जिस कारण सिविल अस्पताल पांवटा में सामान्य ओपीडी दो दिन के लिए बंद कर दी गई। वहीं मुख्य सरकारी कार्यालयों में भी लोगों को आपातकाल में ही आने का आह्वान किया गया है। शुक्रवार को पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल सहित लोनिवि विश्राम गृह में सेनिटाइजेशन किया गया। शनिवार को अन्य कार्यालयों में भी सेनिटाइजेशन का कार्य होना है। जानकारी के मुताबिक तीन अगस्त को ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने सिविल अस्पताल में ट्रूनेट और टीबी की अत्याधुनिक मशीनों का शुभारंभ किया था। उसके बाद गुरुवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह सामान्य ओपीडी बंद करने का निर्णय लिया गया जिस कारण दूरदराज से आए लोग बाहर परेशान रहे। यह निर्णय अस्पताल प्रबंधन ने लोगों की सुरक्षा के नजरिए से लिया।

 उसके बाद अस्पताल को सेनिटाइज किया गया। एसएमओ सिविल अस्पताल पांवटा साहिब डा. संजीव सहगल ने बताया कि सामान्य ओपीडी शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेगी। अब सोमवार को ही सामान्य ओपीडी खुलेगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आपातकाल में ही अस्पताल पहुंचे। वहीं दूसरी ओर विकास खंड पांवटा साहिब के सिविल नगर परिषद, एसडीएम कार्यालय, तहसील सहित सभी सरकारी दफ्तर सोमवार तक केवल आपात स्थिति के लिए ही खुले रहेंगे। इस दौरान सरकारी दफ्तरों को सैनेटाइज किया जाएगा। भीड़भाड़ से बचने के लिए प्रशासन ने ऐहतियातन कार्यालयों को सोमवार तक आपातकालीन सेवाओं के लिए खोलने का निर्णय लिया है। एसडीएम पांवटा साहिब एलआर वर्मा ने बताया कि दो दिन की वैसे छुट्टी है। सोमवार को दफ्तर खुले रहेंगे। हालांकि उन्होंने भी जनता से आह्वान किया है कि केवल जरूरी काम से ही दफ्तरों में आएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App