डंगा धंसने से टिप्पर लुढ़का; एक की मौत, चालक घायल

By: Aug 3rd, 2020 12:22 am

गोहर-गोहर विकास खंड के अंतर्गत सरोआ के समीप कांढी मोड़ में एक टिप्पर के लुढ़कने से एक व्यक्ति की मौत तथा एक व्यक्ति  घायल हो गया।  जानकारी के अनुसार टिप्पर (एचपी87-0886) बजरी लेकर सराज क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी बीच टिप्पर सरोआ के समीप कांढी मोड़ में डंगा धंसने से करीब तीन सौ फुट नीचे जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत तथा दूसरा बुरी तरह से घायल हुआ है, जो क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है।

हादसे का शिकार हुए मृतक व घायल दोनों सराज क्षेत्र के शिकावरी गांव के बताए जा रहे हैं। मृतक के बेटे भाग चंद ने बताया कि उनके पिता लक्ष्मण सिंह पुत्र मनीराम निवासी गांव शिकावरी किसी बैंक कार्य निपटाने हेतु अपने चालक के साथ निकले थे। शाम के समय वे अपने टिप्पर में बजरी लोड करके वापस घर की ओर जा रहे थे, लेकिन कांढी मोड़ के पास यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि इतनी दर्दनाक घटना के बाद भी उनके पिता गंभीर रूप से घायल होकर नाले से स्वयं चलकर सड़क में पंहुचे। जहां से उन्हें व टिप्पर चालक दोनों को उपचार हेतु क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। उपचार के दौरान लक्ष्मण सिंह ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चालक का उपचार मंडी अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। तहसीलदार गोहर जय गोपाल शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उधर, सूचना मिलते ही गोहर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा करके नियमानुसार कार्रवाई आरंभ कर दी है। तहसीलदार गोहर जय गोपाल शर्मा ने मृतक की धर्मपत्नी को जिला प्रशासन की ओर से 15 हजार रुपए की नकद राशि फौरी राहत के रूप में वितरित कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App