दिल्ली, मुंबई से लंदन की उड़ान शुरू करेगी वर्जिन अटलांटिक

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली Aug 14th, 2020 12:05 am

नई दिल्ली – ब्रितानी विमान सेवा कंपनी वर्जिन अटलांटिक अगले महीने दिल्ली और मुंबई से लंदन की उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइन ने आज बताया कि ब्रिटेन और भारत के बीच द्विपक्षीय समझौते के तहत ये उड़ानें शुरू की जायेंगी। दिल्ली से 02 सितंबर से और मुंबई से 17 सितंबर से उड़ान शुरू होगी। दिल्ली और लंदन के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें होंगी जबकि मुंबई से लंदन के लिए सप्ताह में चार उड़ानें होंगी।

कोविड-19 के कारण लागू पूर्णबंदी के बाद से पहली बार वर्जिन एयरलाइन भारत में विमान सेवा शुरू करेगी। एयरलाइन की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दिल्ली और मुंबई से लंदन जाने वाले यात्री आगे न्यूयॉर्क की यात्रा भी कर सकेंगे बशर्ते वे भारत और अमेरिका के मौजूदा नियमों और प्रतिबंधों के तहत इसके लिए पात्र हों। इससे पहले वह लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे से हांगकांग, न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस, शंघाई और बारबाडोस के लिए उड़ानें शुरू कर चुकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App