दुल्हन के गांव में आ गया कोरोना केस आधी रात को ही लौटी बारात

By: Aug 9th, 2020 12:03 am

 कंटेनमेंट ज़ोन के डर से रात को ही रस्में निभा कर दी विदाई, लुधियाना से आया था संक्रमित

गलोड़-दुल्हन को बिहाने बैंड बाजे के साथ गई बारात उस समय उल्टे पांव भाग खड़ी हुई, जब पता चला कि दुल्हन के गांव में व्यक्ति कोरोना पॉज़िटिव निकला है। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए, वहीं वर व वधु पक्षों को समझ ही नहीं आ रहा था कि करें, तो करें क्या। एरिया के कंटेनमेंट ज़ोन बनने के भय से शादी की सारी रस्में आधी रात को ही पूरी करनी पड़ीं। सारी रस्में अता करने के बाद रात करीब एक बजे दुल्हन की विदाई कर दी गई।

यह पहला ऐसा वाकया सामने आया है, जब दुल्हन की आधी रात को विदाई हो गई हो, अन्यथा दो दिन की शादी में शाम को जाने वाली बारात सुबह दुल्हन को लेकर आती है। यदि शादी एक दिन की हो, तो दोपहर बाद दुल्हन के परिजन बेटी की विदाई करते हैं, लेकिन कभी रात के समय दुल्हन की विदाई होते नहीं देखी गई। जानकारी के अनुसार हमीरपुर की पंचायत सेर बलौणी के एक गांव से दूल्हा शुक्रवार शाम को चंगर पंचायत के एक गांव में पहुंचा। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का अच्छे ढंग से स्वागत किया। सब कुछ सही चल रहा था कि अचानक पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सूचना मिली कि गांव में बाहरी राज्य से आया व्यक्ति जिसे गृह संगरोध में रखा है, कोरोना पॉजिटिव निकला है। फिर क्या था बात आग की तरह फैल गई। बारात रात के समय ही लौटकर अपने घर पहुंच गई। वहीं, दूल्हा पक्ष व दुल्हन पक्ष ने सहमित से शादी की सारी रास्में आधी रात को ही पूरी कर लीं। रात करीब एक बजे दुल्हन पक्ष ने अपनी बेटी को विदा किया। बताया जा रहा है कि लुधियाना से आया व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। हालांकि मरीज को पूरे प्रबंधों के साथ जिला कोविड केयर सेंटर पहुंचा दिया गया है, लेकिन कंटेनमेंट ज़ोन बनने की चिंता ने शादी का मजा जरूर किरकिरा कर दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App