एक दिन के कोरोना केसों में अमरीका और ब्राजील को पछाड़ भारत बना नंबर वन

By: Aug 3rd, 2020 3:30 pm

नई दिल्ली — भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 52,972 नए मरीज मिले हैं और 771 मरीजों की मौत हो चुकी है। एक दिन में सर्वाधिक केस के मामले में भारत ने अमरीका और ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। अमरीका में पिछले 24 घंटे में 47 हजार से अधिक तो ब्राजील में 25 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। अब देश में कुल मरीजों का आंकड़ा 18 लाख से अधिक है, जिसमें 38 हजार 135 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक करीब 12 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या 5.79 लाख से अधिक है।

कोरोना संक्रमण की रफ्तार महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद अब बिहार, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश में बढ़ती जा रही है। बीते 24 घंटे में भारत में 52 हजार 971, अमरीका में 47 हजार 511, ब्राजील में 25 हजार 800, पेरू में 21 हजार 358, कोलंबिया में 11 हजार 470, दक्षिण अफ्रीका में 8195, रूस में 5387, अर्जेंटिना में 5376, फिलीपिंस में 4953 और मेक्सिको में 4853 नए मामले सामने आए।

अमरीका में कुल मरीजों का आंकड़ा 48 लाख के पार पहुंच गया है, जिसमें 1 लाख 58 हजार 365 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 23 लाख से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या 22 लाख से अधिक है। कोरोना के सर्वाधिक मामले अमेरिका में ही है. इसके बाद ब्राजील का नंबर आता है। ब्राजील में कोरोना कुल मरीजों की संख्या 27 लाख से अधिक है, जिसमें 94 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अब तक कोरोना से करीब 19 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7 लाख 55 हजार से अधिक एक्टिव केस है.

वहीं, दुनिया में कुल मरीजों का आंकड़ा एक करोड़ 82 लाख से अधिक हो गया है, जिसमें 6 लाख 93 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अब तक एक करोड़ 14 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। दुनिया के 215 देश कोरोना से प्रभावित हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App