गृहमंत्री अनिल विज बोले, 500 साल का इंतजार खत्म

By: Aug 6th, 2020 12:10 am

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री मंदिर के भूमि पूजन पर खुश, बांटे लड्डू

चंडीगढ़-हरियाणा स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज ने अयोध्या में श्रीराम जन्म मंदिर के भूमि पूजन की खुशी में अपने कार्यालय में उपस्थित लोगों को लड्डू खिला कर शुभकामनाएं दी। श्री विज ने कहा कि अयोध्या में श्री रामजन्म मंदिर भूमि पूजन से आज देश में करीब 500 वर्ष की प्रतिक्षा का अंत हुआ है।

इससे पूरे देश में हर्ष का माहौल बना हुआ है। इससे पहले उन्होंने अंबाला छावनी में भी जश्न मनाते अपने कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करवा कर और जय श्री राम के नारे लगा कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान गृहमंत्री ने शायराना अंदाज में कहा कि ‘खत्म हुआ 500 वर्षों का  इंतजार, अयोध्या जी में बनना शुरू हो गया राम दरबार, देश में सैंकड़ों वर्षों की मेहनत रंग लाई है, आज हर हिंदुस्तानी को बधाई है’। विज ने कहा कि लोग अपने दिल से जश्न मना रहे हैं और हर हिंदुस्तानी दिल से खुश है।

वहीं चंडीगढ़, हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से एकत्र किए गए सेनेटाइजर के सैंपल फेल होने के कारण 11 सैनेटाइजर ब्रांड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। इसके साथ ही संबंधित ब्रांड का लाइसेंस रद्द या निलंबित करने का नोटिस जारी किया है। श्री विज ने कहा कि हरियाणा के खाद्य एवं औषध प्रशासन द्वारा 248 सैंपल एकत्र किए गए थे, जिनमें से 123 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से 109 सैंपल पास हुए है, जबकि 14 सैंपल फेल पाए गए हैं। इनमें 9 ब्रांड की गुणवत्ता ठीक नही पाई गई, जबकि पांच में मैथेनॉल की अधिकता पाई गई है, जो एक विष का काम करता है। उन्होंने कहा कि फेल ब्रांड सैनेटाइजर का पूरा स्टॉक मार्किट से वापिस लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार का नुकसान न हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App