हमारा प्रयास…जनता के साथ जुड़े वन महकमा

By: Aug 4th, 2020 12:04 am

वन विभाग के मुख्यालय पहुंचे वन मंत्री पठानिया ने खंगाली गतिविधियां, अधिकारियों से जानी योजनाएं

शिमला-प्रदेश के नवनियुक्त वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने सोमवार को सचिवालय में अपना दायित्व संभालने के साथ ही वन विभाग मुख्यालय में पहुंचकर विभाग की गतिविधियों को खंगालना शुरू कर दिया। उन्होंने वन मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक लेने के साथ कहा कि इस महकमे को जनता के साथ जोड़ना है। वन मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारी एक टीम भावना से कार्य कर रहे हैं और वे भी पूरे समर्पण के साथ विभाग को आगे ले जाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक हरित प्रदेश है, जहां ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं, जिसका दोहन पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर करने की आवश्यकता है। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को प्रदूषण मुक्त वातावरण मिले, इसके लिए हमें प्रयास करने चाहिएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्यावरण के अनुकूल गतिविधियों जैसे सौर उर्जा, हरित उर्जा के उपयोग आदि को बढ़ावा दिया जाएगा। राकेश पठानिया ने कहा कि नदियों के कैचमेंट क्षेत्रों में चैकडैम इत्यादि जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। छोटे-छोटे चैक डैमों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारियों को हथियार उपलब्ध करवाने की नीति में भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। विभाग के मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों में कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जिनके माध्यम से वनों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। इससे पहले अजय कुमार प्रधान मुख्य अरण्यपाल ने विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। डा. सविता प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी ने भी वन्य प्राणी प्रभाग के कार्यों के बारे में प्रस्तुति दी। इस अवसर पर संजय गुप्ता अतिरिक्त सचिव वन, अर्चना शर्मा प्रधान मुख्य अरण्यपाल वित्त तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

परमार से मिले पठानिया

शिमला। हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने अपना पदभार ग्रहण करने के उपरांत सोमवार को प्रदेश विधानसभा सचिवालय में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार से शिष्टाचार भेंट की। राकेश पठानिया ने मंत्री पदभार ग्रहण करने के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष का आशीर्वाद लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App