हिमाचल से गायब हो जाएगा मिट्टी का तेल, डिपुओं मेें घट रही डिमांड, केंद्र सरकार भी सप्लाई देने से पीछे खींच रही हाथ

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो - सोलन Aug 11th, 2020 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – सोलन

हरियाणा, चंडीगढ़ व अन्य राज्यों की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश से भी मिट्टी का तेल गायब हो जाएगा। प्रदेश के कुल 4996 डिपुओं से मिट्टी के तेल की डिमांड हर माह घटती जा रही है तथा केंद्र ने भी अब इसकी आपूर्ति करवाने से अपने हाथ खींचने शुरू कर दिए हैं। यही हाल रहा तो प्रदेश में प्रवासी मजदूरों को एक लीटर मिट्टी का तेल लेने के लिए भी नाकों चने चबाने पड़ेंगे। हिमाचल में जैसे-जैसे गृहिणी सुविधा योजना का आकार बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे मिट्टी का तेल यहां के शहरी व ग्रामीण इलाकों से गायब हो रहा है।

घरेलू गैस वितरण मुफ्तकरके सरकार ने पूरे प्रदेश में 90 प्रतिशत लक्ष्य को अभी तक पूरा कर लिया है। पांच वर्ष पूर्व केंद्र से हिमाचल में कैरोसिन तेल की तिमाही सप्लाई करीब 4000 किलोलीटर आती थी। लीटर के हिसाब से प्रतिमाह यह 13 लाख लीटर के करीब पड़ती है। इस वर्ष के पहले तिमाही काल के लिए यह आपूर्ति 3600 किलो लीटर आई परंतु हाल ही में केंद्र ने इस तिमाही के लिए जो कैरोसिन तेल की आपूर्ति भेजी है, उसके आंकड़े चौंकाने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक इस तिमाही के लिए 35 प्रतिशत के करीब आपूर्ति में कटौती करके 2396 किलोलीटर की खेप ही केंद्र सरकार के मंत्रालय से हिमाचल पहुंची है।

एक महीने का यह आंकड़ा करीब 800 किलोलीटर बनता है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि धीरे-धीरे प्रदेश से मिट्टी का तेल गायब होने लगा है। हिमाचल में कुल 19 लाख राशनकार्ड धारक हैं तथा कुल मिलाकर रसोई घरों व आपातकालीन परिस्थितियों में मिट्टी का तेल ढूंढना अब एक सपना बनता जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में प्रवासी मजदूरों की संख्या में भी कुछ वर्षों में बढ़ोतरी हुई है तथा ये मजदूर मिट्टी के तेल का इस्तेमाल ईंधन के रूप में करके ही अपना चूल्हा जलाते हैं। निकट भविष्य में इनकी अस्थायी रसोइयों पर भी बड़ा प्रभाव पड़ने वाला है। प्रदेश के सोलन जिला में बीते तीन माह से एक लीटर कैरोसिन तेल की भी आपूर्ति डिपुओं में नहीं आई है। इस संदर्भ में खाद्य आपूर्ति विभाग के संयुक्त निदेशक रविंद्र ठाकुर ने कहा कि मिट्टी के तेल की आपूर्ति केंद्र से अब कम हो रही है। बीती तिमाही में 3600 किलोलीटर की आपूर्ति हुई थी, किंतु इस बार तीन माह के लिए 2396 किलोलीटर ही सप्लाई आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App