कहीं आप भी तो नहीं गए थे खनेरी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में

By: Aug 11th, 2020 12:20 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- रामपुर बुशहर-रामपुर के खनेरी अस्पताल में कोरोना के दो मरीज आने से हडकंप मच गया। ये दोनों मरीज आईटीबीपी के जवान हैं। इनमें से एक जवान सात अगस्त को अस्पताल में अन्य बीमारी से भर्ती हुआ था। जिसे सर्जिकल वार्ड में रखा गया था। वहीं दूसरा जवान रविवार को अस्पताल में बुखार के लक्षण के साथ आया था। जिसे अस्पताल प्रबंधन ने अलग से आईसोलेट कर दिया था। दोनों के ब्लड सैंपल को शिमला भेजा गया था। जहां से दोनों की रिपोर्ट सोमवार दोपहर को पहुंची। जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन ने दोनों मरीजों को शिमला स्थित कोविड सेंटर में शिफ्ट कर दिया है।  सर्जिकल वार्ड को पूरी तरह से सील कर दिया है।

इतना ही नहीं इस वार्ड में दाखिल सभी मरीजों के तीमारदारों को ये हिदायत दी गई है कि वह खुद को अगले 7 दिनों के लिए होम आईसोलेट में रहे। साथ ही अगर इस दौरान कोई लक्षण सामने आता है तो वह खुद का कोरोना टेस्ट जरूर करवाएं। अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान उक्त मरीज के इलाज को जो भी स्टाफ व डाक्टर तैनात थे उन्हें भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। रामपुर में ये पहला मामला है जो अस्पताल में सामने आया है। इससे पहले जो भी मामले थे वह या तो होम क्वांटाइन में रखे गए थे या फिर संस्थागत क्वारंटाईन में थे। अस्पताल में ये दो मामले सामने आने से आम मरीज खासे परेशान हो गए हैं।

 तीन दिनों में बड़ी संख्या में लोग सर्जिकल वार्ड में आए और गए। इस मरीज को जो स्टाफ इलाज कर रहे थे वह भी कई मरीजों के सपंर्क में आए होंगे। अब इतनी बड़ी संख्या में इस मरीज के संपर्क में आए लोगों का पता लगाना काफी मुश्किल है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने सभी को ये हिदायत दी है कि वह खुद के प्रति जागरूक हों।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App