कांगड़ा में सियासी तिकड़ी पर निगाह

सरकार-संगठन में तालमेल के साथ सबसे बड़े जिला पर फोकस, परमार, पठानिया और त्रिलोक कपूर सजाएंगे फील्डिंग

धर्मशाला      – प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में सत्तापक्ष की सियासी चमक अढ़ाई साल बाद जुदा ही दिखने लगी है। सरकार व संगठन में तालमेल के साथ-साथ सत्ता के सियासी किले को साधना भी भाजपा के समक्ष बड़ी चुनौती है। इसके लिए भाजपा ने नई टीम के रूप में विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, वन एवं युवा सेवाएं खेल मंत्री राकेश पठानिया व संगठन में भाजपा के जिला महामंत्री त्रिलोक कपूर  की टीम बनाकर नई राजनीतिक फील्डिंग लगाने को योजना की है। मंत्रिमंडल विस्तार व संगठन चुनावों के बाद अब भाजपा सबसे बड़े व महत्त्वपूर्ण जिले कांगड़ा पर फोकस करने वाली है।

जिस नई सियासी तिकड़ी के बूते भाजपा कांगड़ा में नए सियासी समीकरण बना रही है, वह अपनी अपनी फील्ड में माहिर हैं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार संगठन के निकले व कांगड़ा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार है। संगठनात्मक परिपक्कता व छात्र जीवन से अब तक दर्जनों दायित्व निभा चुके श्री परमार नई पीढ़ी में भी वरिष्ठ माने जाते हैं। यही वजह है कि मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया भी विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार के साथ मिलकर काम करने का दावा कर रहे हैं।

सियासी सूत्र बताते हैं कि इन दोनों नेताओं के बीच समन्वय करवाने और जिला में पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर पिछले कई दिनों से अहम रोल निभा रहे हैं, जिससे प्रदेश के सबसे बड़े जिले में भाजपा मजबूत हो सके। भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में अच्छी खासी पैठ रखने वाले श्री कपूर प्लानिंग व विजन की दृष्टि से एक्सपर्ट माने जाते हैं। ऐसे में तीनो नेताओं की यह सियासी तिकड़ी प्रदेश के सबसे बड़े जिले की राजनीति को किस तरह साध पाती है, यह देखने वाली बात होगी। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में नए विधायकों व पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ नेता, मंत्री व पूर्व मंत्रियों को भी एक साथ चलाना जयराम सरकार के नए फेस के सामने बड़ी चुनौती होंगे।

कांगड़ा से भेदभाव नहीं

मंत्री राकेश पठानिया का दावा है कि सरकार का कांगड़ा पर विशेष फोकस है। किसी तरह का भेदभाव नहीं हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी व  महामंत्री त्रिलोक कपूर सहित पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता मिलकर सरकार को मजबूत करेंगे।