कांगड़ा में धूमधाम से मनाया राखी पर्व

धर्मशाला – हिमाचल प्रदेश सहित जिला कांगड़ा में भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोरोना संकट के बीच भाई-बहन के पर्व मनाने के लिए खूब उत्साह देखने को मिला। वहीं, कोरोना काल के बीच भी प्रदेश सरकार की महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। रक्षाबंधन के शुभमुहूर्त के तहत जिला भर में बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों में राखियां पहनाई, तो वहीं भाईयों ने भी अपनी बहनों को तोहफे प्रदान किए। इस दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से यात्रा करके अपने भाइयों के घर पहुंचने वाली कुछ महिलाओं को परेशानियां भी झेलनी पड़ी। हालांकि मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई, लेकिन बहुत कम रूटों पर एचआरटीसी की बसें चलती हुई नजर आई। इसके कारण महिलाएं बसों का इंतजार करती हुई भी कई स्थानों पर नजर आई। वहीं, निजी बसें नाम मात्र की ही राखी पर्व के मौके पर चलती हुई नजर आई। इसके कारण कई स्थानों पर लोगों को काफी दिक्कतें भी झेलनी पड़ी।