मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के बाद उनकी बेटी कोरोना पॉजिटिव, चिदंबरम का बेटा भी संक्रमित

By: Aug 3rd, 2020 2:18 pm

नई दिल्ली — देश में नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों का कोरोना पॉजिटिव होने का सिलसिला जारी है। अब कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह अभी होम क्वारंटाइन हैं। इससे पहले आज सुबह कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की बेटी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की रिपोर्ट रविवार देर शाम को पॉजिटिव आई थी। अस्पताल के मुताबिक, मुख्यमंत्री की हालत ठीक है।

येदियुरप्पा ने रविवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और मैं अभी ठीक हूं। उधर, गृहमंत्री अमित शाह भी पॉजिटिव हो गए। उन्हें गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है।

इस बीच, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 18 लाख के पार हो गया। अब तक देश में 18 लाख 07 हजार 222 लोग संक्रमित हो चुके हैं। लगातार 6वीं बार एक लाख केस केवल दो दिन में सामने आए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App