कंवर हरि सिंह की याद में लगाया पौधा

By: Aug 7th, 2020 12:22 am

ऊना – हिमोत्कर्ष साहित्य एवं संस्कृति जनकल्याण परिषद द्वारा प्रख्यात समाजसेवी, हिमोत्कर्ष संस्था के संस्थापक एवं कर्मचारी नेता रहे स्वर्गीय कंवर हरि सिंह की याद में कृषि विज्ञान केंद्र ऊना में पौधारोपण किया गया। इस मौके पर एसडीएम ऊना सुरेश जसवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि स्वर्गीय कंवर हरि सिंह के बेटे जतिंद्र कंवर विशेष रूप से  मौजूद रहे। इस दौरान स्व. कंवर हरि सिंह की स्मृति में कृषि विज्ञान केंद्र की स्मारक वाटिका में पौधा लगाया गया। एसडीएम सुरेश जसवाल ने कहा कि हिमोत्कर्ष संस्था ने समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए हैं। जिनकी सराहना उत्तर भारत में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में हो रही है।

उन्होंने कहा कि स्व. कंवर हरि सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता, कर्मचारी नेता, पत्रकार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बहुत ही महत्त्वपूर्ण कार्य किए। जिसमें महिला आईटीआई व कन्या महाविद्यालय की स्थापना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज उनके द्वारा स्थापित कन्या महाविद्यालय में भारी संख्या में छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर साक्षर हो रही है। इसके अलावा कंवर हरि सिंह ने अंधता निवारण व पल्स पोलियो अभियान में भी अहम भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि कंवर हरि सिंह ने समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है।

उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति पहुंची है। जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। इस मौके पर स्व. कंवर हरि सिंह के पुत्र जतिंद्र कंवर, ठाकुर यशपाल सिंह, पूर्ण लाल शर्मा, डा. रविंद्र सूद, योगेश कौशल, निशांत कुमार, सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App