किराया बढ़ाने के बाद भी थमने लगे निजी बसों के पहिए, 350 गाडि़यां ही दौड़ रहीं सड़कों पर

By: Aug 6th, 2020 12:12 am

3300 में से महज 350 गाडि़यां ही सड़कों पर दौड़ रहीं, सवारियां बैठने को राजी नहीं

शिमला – हिमाचल प्रदेश में निजी बसों के पहिए फिर से थमने शुरू हो गए हैं। बुधवार को राज्य में 3300 में से केवल मात्र 350 बसें ही चल पाई हैं। रूटों पर सवारियां कम होने और रोजाना के घाटे को देखते हुए आपरेटरों ने फिर से बसों को खड़ा करना शुरू कर दिया है। हिमाचल निजी बस आपरेटर यूनियन का कहना है कि अगर यहीं हालात रहते है तो प्रदेश में अगामी दिनों के दौरान अधिकतर बसे खड़ी हो जाएगी।

निजी बस आपरेटरों का कहना है कि अधिकतर रूटों पर सवारियां कम हैं। कोरोना के चलते लोग  घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। रूटों पर आपेरटरों को नाम मात्र सवारियां ही मिल पा रही हैं। ऐसे मे उन्हें रोजाना घाटे का सामना करना पड़ रहा है। कई रूटों पर पर आपरेटरों का डीजल का खर्चा भी पूरा नहीं हो पा रहा है। यूनियन के प्रधान रोजश पराशर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान ऑक्यूपेंसी में भारी गिरावट आई है। रक्षाबधंन के बाद तो आक्यूपेंसी और ज्यादा लुढ़की है, जिसके चलते आपरेटर मजबूर होकर बसों को खड़ा कर रहे हैं।

दो दिन में 250 बसें बंद

प्रदेश में दो दिनों के दौरान 200 से 250 बसें खड़ी हुई हैं। यूनियन के प्रधान रोजश पराशर ने कहा कि घाटे के चलते अधिकतर आपरेटर बसें खड़ी कर रहे हैं। अगर यही आलम रहता है तो राज्य में निजी बसों का संचालन बंद हो सकता है। उन्होंने कहा कि निजी बस आपरेटर कोई विरोध स्वरूप बसों को खड़ा नहीं कर रहे हैं, मगर उन्हे मजबूर हो कर बसें खडी करनी पड़ रही है।

हाल ही में बढ़ाया था किराया

हिमाचल में राज्य सरकार द्वारा हाल ही में किराए में बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद निजी बस आपरेटरों ने बसों का संचालन आरंभ कर दिया था, मगर अब रूटों पर सवारियां कम होने के चलते निजी बसें फिर से खड़ी होने लगी हैं। ऐसे में जनता को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। पहले जनता पर किराए की मार थी। अब बसें न मिलने के चलते और परेशानियों का सामना करना पडे़गा।

माफ किया जाए टैक्स

निजी बस आपरेटरों ने राज्य सरकार से टैक्स माफ करने की मांग उठाई है। प्रधान रोजश पराशर ने कहा कि बसों के कम संचालन से निजी बस आपरेटर आर्थिक तंगहाली की मार झेल रहे हैं। ऐसे में अगर उनका टैक्स माफ नहीं किया जाता है, तो आपरेटरों पर भारी मार पडे़गी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App