कुनिहार को बनाओ नगर पंचायत

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार Aug 14th, 2020 12:20 am

स्थानीय लोगों ने फिर उठाई मांग; कहा, कुनिहार को भी दें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्राथमिकता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार

प्रदेश में बनाई जा रही नई नगर पंचायतों के बीच कुनिहार को भी नगर पंचायत बनाए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित हो चुके कुनिहार को नगर पंचायत बनाया जाना समय की मांग है और इससे क्षेत्र की तीनों पंचायत के लोगों को काफी सुविधा प्राप्त होगी। गुरुवार एयरपोर्ट एडवाइजरी के सदस्य इंद्रपाल शर्मा, समाजसेवी आरपी जोशी, चेतराम तंवर, गोपाल कृष्ण शर्मा, राजेंद्र धीमान ने कहा कि कुनिहार को भी नगर पंचायत बनाया जाना चाहिए। कुनिहार एक व्यापारिक दृष्टि से बहुत बड़ा व्यापार केंद्र बनता जा रहा है और साथ ही यहां पर कुनिहार की तीनों पंचायतों में सीवरेज व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल रही है। एक ओर प्रदेश सरकार नई पंचायतें व नगर निगम, नगर पंचायत बनाने जा रही है, उसी तरह कुनिहार को भी नगर पंचायत बनाया जाना उचित होगा। इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि शहर की खूबसूरती को बनाए रखने के लिए नगर निगम और नगर पंचायतों का महत्त्वपूर्ण योगदान होता है। कुनिहार भी शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। हाटकोट पंचायत के साथ लगती कोठी पंचायत, कुनिहार पंचायत के जो क्षेत्र व जिन गांव में सीवरेज व्यवस्था चली है उनकी आबादी भी लगभग 5000 के करीब है। साथ ही नगर पंचायत बनाने के जो भी नियम बनते हैं उनको भी हाटकोट पंचायत पूरा करती है। उन्होंने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग करते हैं कि प्रदेश में नई नगर पंचायत, नगर निगम जो भी बनने जा रहे हैं उनमें कुनिहार को भी प्राथमिकता दी जाए। समाज सेवी आरपी जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार को नगर पंचायत बनाने के लिए कई बार मांग पत्र प्रदेश सरकार के समक्ष रखे जा चुके हैं। नगर पंचायत बनने से कुनिहार की सुंदरता को चार चांद लग जाएंगे, जिससे तीनों पंचायतों को इसका काफी लाभ प्राप्त होगा। नगर पंचायत बनने से कुनिहार क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से विकास होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App