लेबर रूम और इंप्लाज सिक रूम सील

By: कार्यालय संवाददाता-सोलन Aug 14th, 2020 12:20 am

कार्यालय संवाददाता-सोलन

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का लेबर रूम और इंप्लाज सिक रूम को सील कर दिया है। आगामी आदेशों तक यहां पर किसी को भी आने जाने की इजाजत नहीं है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में दो महिलाओं के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद यह कदम उठाया गया है। इनमें से लेबर रूम को दूसरी बार सील किया गया है। इससे पहले भी बीते माह लेबर रूम को सील किया गया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार दो महिलाएं प्रसव के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंची थीं। इनमें से एक महिला कंडाघाट एरिया, जबकि दूसरी महिला सिरमौर जिला की बताई जा रही है।

प्रसव के बाद जब प्रशासन की ओर से इनका कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए टेस्ट किया गया तो इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी प्रकार गायनी वार्ड में एडमिट अन्य महिलाओं के टेस्ट लिए गए हैं। इसी के मद्देनजर अभी तक गायनी वार्ड को सील नहीं किया गया है। इन वार्ड में दाखिल सभी महिलाओं की कोरोना रिपोर्ट आएगी, उसके बाद ही अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई निर्णय लिया जाएगा। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से लगातार वार्ड को सेनेटाइज करवाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण की कोई आशंका न रहे। दूसरी तरफ दोनों पॉजिटिव महिलाओं के संपर्क में आए डाक्टर सहित लगभग दो दर्जन लोगों को क्वारंटीन किया गया है।

इनमें से कुछ कर्मचारियों को होम क्वारंटीन जबकि कुछ को आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में क्वारंटीन किया गया है। गौर रहे कि बीते माह भी नालागढ़ की एक प्रसूता का क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में प्रसव करवाया गया था। इसके बाद महिला को शिमला रैफर किया गया। जहां कोविड-19 टेस्ट होने के बाद महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस अस्पताल का लेबर रूम, गायनी वार्ड और ऑपरेशन थियेटर को सील किया था। जबकि इस बार लेबर रूम और इंप्लाज सिक रूम को  ही सील किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक हांडा ने कहा कि एहतियात के तौर पर लेबर रूम और इंप्लाज सिक रूम को  सील किया गया है। गायनी वार्ड में अभी कुछ मरीज हैं, उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव महिला के डायरेक्ट संपर्क में आने वाले कर्मचारियों को क्वारंटीन किया

गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App