लोगों को नहीं मिल रहीं सरकारी सुविधाएं

By: Aug 9th, 2020 12:20 am

नगरोटा बगवां – नगरोटा बगवां में निर्माण कामगार संघ की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष डीसी शर्मा ने कहा कि कोरोना काल मे जहां लोग बेरोजगार हो गए हैं, वहीं सरकार उनको रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। बावजूद इसके जिला के कुछेक अधिकारी गरीब मनरेगा मजदूरों से पक्षपात कर रहे हैं। ये आरोप भारतीय मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष धर्म चंद शर्मा ने शनिवार को नगरोटा में आयोजित अपनी समीक्षा बैठक के दौरान लगाए।

धर्म चंद का कहना है कि कोरोना काल मे क्षेत्र के गरीब लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 275 रुपए की गई है, जिसका भारतीय मजदूर संघ स्वागत करता है, लेकिन जब भी मनरेगा के तहत क्षेत्र का कोई भी काम मजदूरों से करवाया जाता है, तो अधिकारियों द्वारा मजदूरों को आदी दिहाड़ी दी जाती है। अधिकारियों पर आरोप लगते हुए धर्म चंद ने सरकार से मांग की है कि मजदूरों को 18000 मासिक वेतन दिया जाए, ताकि महंगाई के इस जमाने मे उन्हें भी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी मजदूरों के साथ पक्षपात भरा  रवैया अपनाना नही छोड़ते हैं, तो संघ जल्द प्रदेशस्तरीय आंदोलन करेगा और इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष  डीसी शर्मा, भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष  मदन राणा, भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री रविकांत अभिलाषी व हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सतीश कोशल उपस्थित रहे। इस बैठक में निर्माण कामगार संघ की कांगड़ा जिला इकाई का गठन भी किया गया, जिसमें  अशोक कुमार को अध्यक्ष, रमेश कुमार को महामंत्री, आशीष कुमार को कोषाध्यक्ष, सुमंगला देवी को सचिव, कृष्णा देवी को महासचिव व सतीश कुमार संगठन मंत्री के पद पर चुने गए। यह समिति जिला कांगड़ा में निर्माण कामगारों की सदस्यता व संगठन संबंधी समस्त रिकार्ड रखने हेतु पूरे जिला कांगड़ा में कार्य करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App