मनाली में बांटे लड्डू, खुशियां मनाईं

मनाली-भगवान राम की नगरी अयोध्या में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राम मंदिर का शिलान्यास किए जाने से उत्साहित राम भक्तों द्वारा मनाली मॉल रोड में  लड्डू बांटकर जश्न मनाया गया। इस दौरान नगर परिषद के पार्षदों व भजपा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्थानीय लोगों द्वारा दुर्गा माता मंदिर परिसर में पूजा अर्चना के बाद लड्डू बांटे तथा जय श्रीराम के नारे लगाए गए। भाजपा युवा मोर्चा तथा मंडल इकाई द्वारा राम मंदिर शिलान्यास एवं भूमि पूजन की खुशी में माल रोड में विजय रैली निकाली गई। इस दौरान नगर परिषद की अध्यक्षा नीना ठाकुर ने भगवान राम का जयघोष करते हुए  कहा कि राम मंदिर शिलान्यास से देश के करोड़ो राम भक्त आज बेहद उत्साहित हैं।

नीना ने कहा की भगवान राम हमारे मन में हैं तथा हमारे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम का मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक तथा  हमारी  आस्था, राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढि़यों को आस्था, श्रद्धा और संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा।  दूसरी ओर दिन भर जगह-जगह ग्रामीणों ने मंदिर में एकत्रित होकर भजन कीर्तन व भगवान राम का गुणगान किया। लोगों ने घर-घर घी के दिये जलाकर खुशियां मनाई।