निजी जिंदगी में दरियादिल इनसान थे मोहम्मद रफी

By: Aug 1st, 2020 12:05 am

मुंबई — आवाज की दुनिया के बेताज बादशाह मोहम्मद रफी निजी जिंदगी में बेहद दरियादिल इनसान थे और हमेशा लोगों की मदद करने में तत्पर रहते थे। साठ के दशक की शुरुआत में जब संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहे थे, तब उन्हें छोटे बजट की फिल्म छैला बाबू के संगीत का जिम्मा सौंपा गया। उन दिनों मोहम्मद रफी सबसे महंगे गायक थे। उनका मेहनताना प्रति गीत करीब पांच हजार रुपए हुआ करता था। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, रफी की आवाज में एक गाना (तेरे प्यार ने मुझे गम दिया) रिकॉर्ड करना चाहते थे।

उन्होंने जब पैसों की समस्या रफी को बताई तो वे बोले, पैसों की फिक्र छोड़ो, गाना रिकॉर्ड करो। रिकॉर्डिंग के बाद रफी जाने लगे तो लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने सकुचाते हुए एक लिफाफा उन्हें थमा दिया। उसमें 500 रुपए थे। रफी ने इन्हें दोनों के हाथों में रखकर कहा, यह मेरी तरफ से शगुन है। इसी तरह मिल-बांटकर काम करते रहो।

पंजाब के कोटलासुल्तान सिंह गांव मे 24 दिसंबर 1924 को एक मध्यम वर्गीय मुस्लिम परिवार में जन्में रफी ने 13 वर्ष की उम्र मे अपना पहला गीत स्टेज पर दर्शकों के बीच पेश किया। दर्शकों के बीच बैठे संगीतकार श्याम सुंदर को उनका गाना अच्छा लगा और उन्होंने रफी को मुंबई आने के लिए न्यौता दिया। श्याम सुंदर के संगीत निर्देशन में रफी ने अपना पहला गाना सोनिए नी हिरीए नी गायिका जीनत बेगम के साथ एक पंजाबी फिल्म गुल बलोच के लिए गाया।

वर्ष 1944 मे नौशाद के संगीत निर्देशन में उन्हें अपना पहला हिंदी गाना हिन्दुस्तान के हम है पहले आप के लिए गाया। वर्ष 1949 मे नौशाद के संगीत निर्देशन मे दुलारी फिल्म मे गाए गीत सुहानी रात ढ़ल चुकी के जरिए वह सफलता की उंचाइयों पर पहुंच गए और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दिलीप कुमार, देवानंद, शम्मी कपूर, राजेंद्र कुमार, शशि कपूर, राजकुमार जैसे नामचीन नायकों की आवाज कहे जाने वाले रफी अपने सिने करियर में लगभग 700 फिल्मों के लिए 26000 से भी ज्यादा गीत गाए। रफी ने हिंदी फिल्मों के अलावे मराठी और तेलगू फिल्मों के लिए भी गाने गाए। मोहम्मद रफी अपने करियर में 06 बार फिल्म फेयर अवार्ड से सम्मानित किए गए। वर्ष 1965 मे रफी पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App