पद की गरिमा बनाए रखें कार्यकर्ता

By: Aug 16th, 2020 12:20 am

देवसदन में आयोजित जिला पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आह्वान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू-मंडल मिलन कार्यक्रम से सरकार व संगठन में बेहतर तालमेल होगा, जिससे संगठन की ओर से बेहतर सुझाव आएंगे, जो कि सरकार चलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसी प्रकार सरकार की ओर से संगठन के प्रति भी विचार रखे जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देवसदन में आयोजित जिला पदाधिकारी की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा प्रत्येक कार्यकर्ता का यह दायित्व होना चाहिए कि वह अपने पद की गरिमा बनाए रखे तथा पद के अनुरूप कार्य करे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को एक लक्ष्य लेकर फील्ड में उतरना है तथा उस लक्ष्य का एकमात्र निशाना होना चाहिए कि 2022 में भाजपा की झोली में कुल्लू से शत-प्रतिशत सीटें लानी हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक संगठन ने बेहतर कार्य किया है।  2017 में भी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

जयराम ठाकुर ने कहा अभी से पंचायतीराज चुनावों की तैयारी आरंभ करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने की आवश्यकता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कुल्लू जिला संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश के बेहतर जिलों में शुमार है, जिसने कोरोना काल में बेहतर कार्य करते हुए निम्न वर्ग तक हर वह सुविधा पहंुचाई है, जिसके वे हकदार हैं।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस प्रदेश व देश से विलुप्त हो चुकी है तथा आने वाला समय भी बाकी राज्यों में भाजपा का ही है । जयराम ठाकुर ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की आवश्यकता है, जो कि सिर्फ  देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारत की एक छवि बनाने में कार्यरत है। कुल्लू के देवसदन में जिला भाजपा पदाधिकारियों की बैठक जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस बैठक में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद  रामस्वरूप शर्मा,  प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, धनेश्वरी ठाकुर,  संजीव कटवाल, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, आनी विधानसभा क्षेत्र विधायक किशोरी लाल, बंजार विधानसभा क्षेत्र विधायक सुरेंद्र शोरी,  एपीएमसी के कुल्लू व लाहुल के अध्यक्ष अमर ठाकुर,  सलाहकार रमेश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व सुंदरनगर संगठनात्मक जिला प्रभारी युवराज बोद्ध, प्रदेश महिला मोर्चा आईटी सेल प्रभारी डा. अर्चना ठाकुर, जिला भाजपा पदादिकारी मंडलों के पदादिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App