पलकों पर बिठाया मंत्री बेटा

कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार गृह जिला पहुंचने पर राजेंद्र गर्ग का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से किया जोरदार इस्तकबाल

घुमारवीं-कैबिनेट मंत्री बनने के बाद राजेंद्र गर्ग के पहली बार गृह जिला पहुंचने पर बिलासपुर के लोगों ने अपने लाल को पलकों पर बिठाया। नम्होल से लेकर घुमारवीं तक जगह-जगह नवनियुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता मामले विभाग एवं मुद्रण, लेखन मंत्री राजेंद्र गर्ग के स्वागत को लोगों ने पलकें बिछा दीं। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार गृह जिला पहुंचने पर उनके स्वागत को लोगों में  काफी उत्साह था। राजेंद्र गर्ग का ढ़ोल नगाड़ों व नारों से जगह-जगह तोरणद्वार लगाकर वेलकम किया गया। जिला बिलासपुर को कैबिनेट मंत्री पद मिलने पर लोग काफी गौरान्वित हो रहे थे। सड़कों पर काफी संख्या में लोगों ने उतरकर उनको बधाई दी। गर्ग जी को ‘जय श्रीराम’ के नारों से इलाका गूंजयमान रहा, जिस ओर राजेंद्र गर्ग का काफिला गुजरता सड़कों के आसपास घरों के लोग छतों पर भी उमड़ जाते। जानकारी के मुताबिक घुमारवीं की राजनीति इतिहास में नया अध्याय लिखने वाले विधायक से मंत्री पद पर ताजपोशी होने के बाद राजेंद्र गर्ग रविवार को पहली बार गृह जिला बिलासपुर पहुंचे। खाद्य आपूर्ति नागरिक उपभोक्ता मामले, मुद्रण एवं लेखन मंत्री के स्वागत को लोग सुबह से ही सड़कों पर उमड़ गए थे। सोशल डिस्टेंसिग की अनुपालना करते हुए कैबिनेट मंत्री का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। उनके स्वागत को लोग सुबह से घरों से निकल गए थे। राजेंद्र गर्ग का नम्होल पहुंचते ही लोग एकत्रित हो गये। खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग का गृह जिला बिलासपुर में प्रवेश करने पर नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के तहत नम्होल में पूर्व विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में भव्य स्वागत किया गया। वहीं, इसके अलावा सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत पहुंचने पर सदर विधायक सुभाष ठाकुर के अलावा झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेआर कटवाल ने भी स्वागत किया।

कोरोना वॉरियर्स के साथ आज मनाएंगे पर्व

खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग तीन अगस्त (सोमवार) को घुमारवीं में रक्षाबंधन पर्व मनाएंगे। कोरोना वॉरियर्स से मिलकर उनकी हौंसलाफजाई भी करेंगे। इस दौरान वह लोगों से भी मिलेंगे।

कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग का घुमारवीं में भव्य स्वागत

राजेंद्र गर्ग का कैबिनेट मंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार गृह क्षेत्र घुमारवीं पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कंदरौर से लेकर घुमारवीं तक जगह-जगह तोरण द्वार लगाकर उनका लोगों ने खड़े होकर स्वागत किया। स्वागत के लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। राजेंद्र गर्ग के कैबिनेट मंत्री बनने के चलते कार्यकर्ताओं में भी नए रक्त का संचार हुआ है।