प्रदेश में 24 नए मरीज, कुल्लू में गायनी वार्ड सील, हमीरपुर एसपी ऑफिस करवाया खाली

By: स्टाफ रिपोर्टर- मटौर Aug 14th, 2020 3:58 pm

हिमाचल में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को चंबा में 12, मंडी और लाहौल-स्पीति में एक-एक, ऊना दो और सिरमौर में आठ नए मामले आए हैं। सुबह चंबा जिले में नौ मंगला के हैं जो धड़ोग में पहले से पाॅजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। झारखंड से लौटे चैरी के महिला व पुस्र्ष की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव आई हैै। वहीं डलहौजी में एक महिला पाॅजिटिव निकली हैै। जिले में सक्रिय मामले 167 हो गए हैं और अब तक 110 ठीक हो गए हैं। उधर, लाहौल में भी कोरोना का एक पॉजिटिव मामला आया है। पालमपुर के भेड़ पालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित दारचा से केलांग तक निगम की बस से पहुंचा, लेकिन प्रशासन ने अभी तक किसी भी यात्री की पहचान नहीं की है। लाहौल-स्पीति में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब पांच हो गई है।

कुल्लू ट्रैफिक पुलिस के एएसआई के पॉजिटिव आने के बाद सदर थाना और कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर एहतियातन रोक लगा दी गई है। कुल्लू में गायनी वार्ड को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। भर्ती महिलाओं को तेगुबेहड़ अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया हैै। जानकारी के अनुसार अस्पताल में महिला भर्ती थी, जिसकी रिपोर्ट बाद में कोरोना पाॅजिटिव आई है। इसको देखते हुए एहतियातन वार्ड को बंद कर दिया गया है।  वहीं, हमीरपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय 48 घंटे तक 50 फीसदी स्टाफ के साथ कार्य करेगा।

ओएएसआई और ऑफिस डिस्पैच शाखा के सभी कर्मचारी होम क्वारंटीन हो गए हैं। चार अन्य पुलिस जवानों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने एडवाइजरी का पालन करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें, दिल्ली से लौटा कोरोना संक्रमित पुलिस जवान गुरूवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3840 पहुंच गया है। 1338 सक्रिय मामले हैं। 2449 मरीज ठीक हो गए हैं। शुक्रवार को 14 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 18 की मौत हो चुकी है। 34 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।

मुख्य सचिव के पीएसओ की मां ने खुद को होम क्वारंटीन किया
मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची के पीएसओ की मां ने खुद को होम क्वारंटीन किया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी मर्जी से होम क्वारंटीन हुई हैं। राज्य सचिवालय में इस तरह की चर्चा थी कि वह कोरोना पाजिटिव हुई हैं, लेकिन यह चर्चा गलत थी।इसे पीएसओ की मां ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हालांकि वह जिस महिला के संपर्क में थीए वह कोरोना पाॅजिटिव जरूर आई है। उसके बाद से उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर दिया है।

भोरंज उपमंडल के एक गांव में बना कंटेनमेंट जोन, दो में खत्म हुईं पाबंदियां
कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने पर भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत नंधन के गांव कसयाणा के कुछ हिस्सों में कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। जबकि पूर्व में कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए उपमंडल के दो अन्य गांवों में संक्रमण का कोई भी नया मामला नहीं मिलने पर इनमें पाबंदियां समाप्त कर दी गई हैं। भोरंज के एसडीएम डॉ. अमित शर्मा ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं और ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

पहले आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत नंधन के वार्ड नंबर सात गांव कसयाणा में सोमा देवी धर्मपत्नी प्रकाश चंद के घर से लेकर रणजीत कुमार पुत्र रोशन लाल के घर तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सरकारी और आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्तियों व वाहनों को इसमें छूट रहेगी। लोगों को दूध, किराना, फल, सब्जियां, दवाइयां, रसोई गैस सिलिंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति स्थानीय प्रशासन की ओर से घरद्वार की जाएगी। एसडीएम की ओर से जारी दूसरे आदेश के अनुसार भोरंज उपमंडल के गांव नगरोटा गाजियां और गांव रोपड़ी में कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला नहीं मिलने पर कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App