पॉजिटिव के कांटैक्ट में आई महिला होम क्वारंटाइन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर-जिला किन्नौर के यांगपा में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आई रामपुर की एक महिला व्यवसायी को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। उक्त महिला की मुख्य बाजार रामपुर में दुकान है। जैसे ही स्थानीय प्रशासन को इस बात की जानकारी मिली कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर दुकान को सील किया और महिला व्यवसायी को होम क्वारंटाइन में भेज दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त महिला भी किन्नौर से ताल्लुक रखती है। वह तीन दिन पहले यांगपा में किसी परिजन की मृत्यु होने पर क्रियाक्रम में शामिल हुई थी।

जहां पर वह दिल्ली से आए पति-पत्नी के संपर्क में आई। जिसके बाद वह वापस रामपुर आ गई। यहां पर वह अपनी बेटी और बहन के साथ रहती है। ऐसे में वह इनके संपर्क में भी आई है। जिसे देखते हुए स्वास्थ विभाग ने इन तीनों को ही होम क्वारंटाइन कर दिया है। अब अगले सात दिनों के भीतर इनका कोरोना टेस्ट लिया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल यांगपा में आए कोरोना पॉजिटिव ने भी स्थिति को काफी उलझा दिया है। जानकारी के मुताबिक इस किरया क्रम में काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे। ऐसे में अब जिला प्रशासन को भी इतने लोगों की जानकारी प्राप्त करना मुश्किल है। बावजूद इसके प्रशासन जो भी जानकारी मिल रही है उन्हें आइसोलेट करने की बात कह रहा है।