प्रदेश में कमजोर हो रहा मानसून, 24 घंटे के दौरान हिमाचल के कुछ ही इलाकों में बरसे बादल

By: Aug 5th, 2020 12:06 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में 10 अगस्त तक बारिश होगी। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में इस दौरान भारी बारिश होने की संभावनाएं हैं। हालांकि मानसून पिछले 24 घंटों के दौरान कमजोर रहा। राज्य के दो-तीन स्थानों पर ही बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा हिमाचल के तापमान पर भी कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बरठीं में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं, जबकि डलहौजी और केलांग का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं, प्रदेश में हुई बारिश की बात करें तो मानसून पिछले 24 घंटों में कमजोर ही रहा।

सबसे अधिक बारिश मैहरे में 35 मिलीमीटर दर्ज की गई है। इसके अलावा धर्मशाला में 26, बंगाणा और कोठी में 12 मिलीमीटर, पालमपुर में नौ, डलहौजी में सात और गगल में सबसे कम चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना का पारा 36 डिग्री सेल्सियस रहा है। राज्य के सात जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक चल रहा है। इसके अलावा शिमला का 25.8, नाहन का 29.2, डलहौजी का 22.3 और केलांग का 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

राज्य  के न्यूनतम तापमान की अगर बात करें तो केलांग और डलहौजी में यह 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा शिमला में 18.2, सुंदरनगर  में 21.5, भुंतर में 20.4, कल्पा में 14.9, धर्मशाला में 18.8, ऊना में 25.4, नाहन में 23.8 कुफरी में 14.4 और चंबा का न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि आगामी 10 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावनाएं हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App