कोरोना संक्रमित मंत्री के संपर्क में आए हैं सैकड़ों लोग, प्रशासन के लिए लिस्ट बनाना है टेढ़ी खीर

By: Aug 8th, 2020 12:07 am

नाहन – ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के अलावा उनके निजी सचिव, ऊर्जा मंत्री के पीएसओ व उनकी दो बेटियों के कोरोना पॉजिटिव आने से सिरमौर जिला में हड़कंप मच गया है। सैकड़ों की संख्या में जिला सिरमौर के लोग ऐसे हैं, जो 31 जुलाई से लगातार ऊर्जा मंत्री के संपर्क में रहे। शपथ के बाद ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर के साथ शुक्रवार को सिरमौर पहुंचे थे। सबसे पहले सराहां में उनका स्वागत किया गया था।

इस दौरान दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिले। उनके साथ पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, कृषि एवं विपणन बोर्ड के चेयरमैन बलदेव भंडारी के अलावा पच्छाद भाजपा मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। सराहां के बाद सुखराम चौधरी नाहन पहुंचे थे, जहां डा. राजीव बिंदल, जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, प्रवक्ता राकेश गर्ग, दीनदयाल वर्मा समेत दर्जनों नेता नाहन सर्किट हाउस में उनसे मिले। 31 जुलाई को सुखराम चौधरी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप नाहन में ही रुके। इस दौरान सर्किट हाउस में देर रात तक भाजपा कार्यकर्ता इनसे मिलते रहे। यही नहीं, हिमाचल पुलिस के महानिदेशक संजय कुंडू भी 31 जुलाई को ही सर्किट हाउस नाहन में रुके थे।

जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त सिरमौर डा. आरके परूथी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में सर्किट हाउस में पहुंचे हुए थे। पहली अगस्त को सुखराम चौधरी सुरेश कश्यप सहित पांवटा गए, जहां रास्ते में कई लोगों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद लगातार सुखराम चौधरी से विभिन्न संगठनों व कर्मचारी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा मंत्री से मिलते रहे तथा उनके संपर्क में आते रहे। पांवटा साहिब में घृत बाहरी चाहंग संघ, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा व भाजपा रेणुका मंडल ने भी सुखराम चौधरी से दो अगस्त को मुलाकात की। यही नहीं, सुखराम चौधरी ने तीन अगस्त को पांवटा सिविल अस्पताल में 15 लाख रुपए की लागत से कोविड-19 जांच मशीन व 12 लाख रुपए की लागत से टीबी जांच मशीन का भी शुभारंभ किया था।

उस दौरान भी पांवटा सिविल अस्पताल में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे। ऐसे में जिला प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती है कि मंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके प्राइमरी संपर्क की लिस्ट कैसे बनाई जाए।

डा. राजीव बिंदल की रिपोर्ट आई नेगेटिव

ऊर्जा मंत्री के संपर्क में आए पूर्व प्रदेधाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा जिला सिरमौर अध्यक्ष विनय गुप्ता ने शुक्रवार को मेडिकल कालेज नाहन में कोविड-19 का टेस्ट करवाया। दोनों ही नेताओं ने सोशल मीडिया पर नेगेटिव होने का खुलासा किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App