सरकार ने खोले रोजगार के द्वार

By: छिव्य हिमाचल ब्यूरो - शिमला Aug 12th, 2020 12:01 am

छिव्य हिमाचल ब्यूरो – शिमला

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार द्वारा कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कैबिनेट में जल शक्ति विभाग में 2322 कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। इनमें विभागीय पैरा कार्यकर्ता नीति के अंतर्गत 718 पैरा पंप ऑपरेटर, 162 पैरा फिटर्स और 1442 बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ता शामिल हैं, जो 486 पेयजल और 31 सिंचाई योजनाओं का संचालन करेंगे। सरकार ने यह निर्णय लेकर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरियों के द्वार खोले हैं।

प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बिलासपुर जिला के झंडूता में लोक निर्माण विभाग का नया मंडल खोलने और विभाग के घुमारवीं मंडल के अन्तर्गत बरठीं, झण्डूता और कलोल को इसके नियंत्रण में लाने के अतिरिक्त आवश्यक पद सृजित करने का निर्णय का स्वागत किया है। प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने राष्ट्रीय एंबुलेंस सर्विस-108 के सुचारू संचालन के लिए विशेष अंतरिम उपाय के रूप में समझौता प्रावधानों के ऊपर प्रावधान करने और जीवीके-ईएमआरआई के कर्मचारियों को अंतरिम वेतन का भुगतान करने के निर्णय को जनता के लिए अच्छा निर्णय बताया।

प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार ने सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश वार अवार्ड्स एक्ट-1972 की धारा-3 में संशोधन के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के शाहपुर में नगर पंचायत के गठन को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के सात पद सृजित करने का निर्णय लिया है। यह कांगड़ा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल ने मंडी जिला की नगर पंचायत सरकाघाट को नगर परिषद के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय को मंडी क्षेत्र की लंबी मांग को पूर्ण करने वाला निर्णय बताया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App