सत्ती बोले, दलगत राजनीति से ऊपर उठ सब मनाएं दिवाली

ऊना-हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि 500 साल पुराना इंतजार अब समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम मंदिर का अयोध्या में भूमि पूजन कर रहे हैं। यह दिन देश के लिए दिवाली के समान है कि इतने वर्षों के बाद भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण को लेकर विवाद हल हुआ है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भगवान श्रीराम के इस भव्य मंदिर निर्माण के उपलक्ष्य में सभी को अपने अपने घरों में दिए जलाकर दिवाली मनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से न्यायालय में इस मामले की पैरवी हुई और देश के उच्च न्यायालय ने श्रीराम जन्म भूमि के पक्ष में निर्णय दिया उससे न्याय व्यवस्था के प्रति सब की आस्था और प्रगाढ़ हुई है, न्याय व्यवस्था के भी हम आभारी हैं कि उन्होंने यह निर्णय किया। वही दूसरे समुदाय के लिए भी एक स्थान मुकर्रर किया है। उन्होंने कहा कि यह श्री राम मंदिर विश्व के दर्शनों के लिए उपलब्ध होगा और जल्द इसका निर्माण पूरा हो जाएगा। सतपाल सत्ती ने कहा कि यह दिन हिमाचल प्रदेश के लिए इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है क्योंकि 1984 में  प्रदेश के पालमपुर में श्रीराम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व द्वारा पारित किया गया था और आज वह सपना साकार हो गया है।