सवाल…क्या टी कैपिटल बनेगी स्मार्ट सिटी

By: Aug 7th, 2020 12:23 am

आठ और नौ अगस्त को है मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पालमपुर दौरा, शहरवासियों को जगी उम्मीद

पालमपुर – नॉर्थ इंडिया की टी कैपिटल के नाम से विश्व विख्यात चाय नगरी पालमपुर के लोगों को आस जगी है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर  आठ व नौ अगस्त के दौरान कुछ न कुछ सौगात पालमपुरवासियों को जरूर मिलेगी । मुख्यमंत्री के दौरे से दो दिन पहले ही संयुक्त व्यापार मंडल के सदस्यों ने पालमपुर की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रख कर इन्हें तुरंत हल करने की गुजारिश की है। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान संजीव सोनी ने अपनी टीम के साथ पत्रकार वार्ता में पालमपुर की समस्याओं सहित अनेक मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है।

संजीव सोनी का कहना है कि कई सरकारें आईं, कई चली भी गईं, लेकिन इन मांगों पर गौर नहीं हुई है। अब उम्मीद जगी है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पालमपुर वासियों का दिल जरूर जीतेंगे। पालमपुर  को नगर निगम की सौगात और स्मार्ट सिटी बनाने जैसी मुख्य मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष व्यापार मंडल में रखी हैं। संजीव सोनी कहते हैं कि पालमपुर की धरती ने परमवीर चक्र विजेता सोमनाथ शर्मा, शहीद कैप्टन विक्रम बतरा, मेजर सुधीर वालिया व कैप्टन सौरभ कालिया जैसे वीर पैदा किए हैं। राजनीतिक दृष्टि से भी पालमपुर ने कई राजनेता भी दिए हैं, जिसमें बुटेल परिवार, शांता कुमार विश्वविख्यात समाज सेवी डा. शिव कुमार का नाम शामिल है, लेकिन इसके बावजूद विकास के मामले में पालमपुर पिछड़ गया है। पालमपुर का अपना विकास खंड  ही नहीं है। सेशन कोर्ट बनाने की मांग  कई वर्षों से चल रही है। पालमपुर के पंचायत प्रधानों व अन्य लोगों को विकास खंड के कार्यों हेतु भवारना जाना पड़ता है।

शांता कुमार के अथक प्रयासों के कारण यहां सौरभ वन विहार का निर्माण किया गया था। जहां लाखों लोग हर वर्ष पहुंचते थे, लेकिन दुर्भाग्यवश पिछली बरसात में इस पर्यटन स्थल में आई बाढ़ के कारण बर्बाद हो गया। यह स्थल बंद पड़ा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सौरभ वन विहार केंद्र पुनर्निर्माण हेतु जल्द कदम उठाए जाएं। इसके अतिरिक्त  ई-टॉयलेट बनाने की मांग भी उठाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App