शिमला में अयोध्या का एहसास, मनाई दिवाली

By: Aug 6th, 2020 12:22 am

शिमला-शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बुधवार को अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर के शिलान्यास के उपलक्ष्य पर शहरवासियों के साथ मिठाई वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि आज का दिन देश तथा प्रदेशवासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। वर्षों के संघर्षों के उपरांत राम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण का कार्य भूमि पूजन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि भगवान राम संपूर्ण मानवता की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने पूरे मानव जाति को शांति, अहिंसा व सत्य का संदेश पेश किया था, जिस संदेश की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम में भी अगवाई की थी। उन्होंने बताया कि हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं कि आज हजारों वर्षों के संघर्षों के उपरांत इस घड़ी के साक्षी बने है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण विश्व में जहां-जहां राम का संदेश पहुंचता है, वो सबके लिए आस्था का प्रतीक है। इसलिए संपूर्ण विश्व में आज उल्लास का दिन है तथा शिमला में भी बहुत खास दिन हैं।

उन्होंने बताया कि हमें वर्ष 1991-1992 के वह दिन याद आते हैं जब हम स्वयं राम जन्मभूमि का आंदोलन किया करते थे। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के लिए अहम है क्योंकि राम जन्मभूमि निर्माण के आखिरी संघर्ष की नींव पालमपुर में रखी गई थी। केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर लालकृष्ण आडवाणी की अगवाई में सोमनाथ से अयोध्या यात्रा शुरू की गई थी। इन सभी संघर्षों के परिणाम से आज मंदिर निर्माण का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, जिनमें संजय कालिया, वीरेंद्र मित्तल, अनिल कपूर, सुनिल कपूर तथा रविंद्र सभ्रवाल शामिल है का इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

संजय कालिया ने कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम आने वाले समय में इतिहास के इस स्वर्णिम दिन को देख सके के गवाह के रूप में शामिल रहेंगे। आने वाले पीढि़यों को हम गौरव से इस बात का बखान कर सकेंगे। इस अवसर पर पार्षद बिटु कुमार पन्ना, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मेहता, मंडलाध्यक्ष शिमला राजेश शारदा तथा विशेष कार्यकारी अधिकारी मामराज पुंडीर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App