सोलन प्रदेश का तीसरा नगर निगम

By: विशेष संवाददाता—शिमला Aug 26th, 2020 12:30 am

निरमंड, आनी व अंब को नगर पंचायत बनाने की तैयारी

विशेष संवाददाता—शिमला

प्रदेश में सोलन तीसरा नगर निगम होगा। अभी यह नगर परिषद के दायरे में है, जिसे अपग्रेड किया जा रहा है। शहरी विकास विभाग ने जहां नगर निगम सोलन की अधिसूचना से पहले जनता की आपत्तियां व सुझाव मांगे हैं, वहीं नई नगर पंचायत के रूप में निरमंड, आनी व अंब के लिए भी आपत्तियां मांगी गई हैं। यदि यहां की जनता को कोई आपत्ति नहीं होती है और उनके कोई सुझाव नहीं आते हैं, तो सरकार इन्हें अधिसूचित कर देगी।

अधिसूचना के लिए छह सप्ताह का समय दिया गया है और इस अवधि में लोगों को अपनी आपत्तियां या सुझाव दर्ज करवाने होंगे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में अब तक दो ही नगर निगम हैं। इसमें भी सालों तक केवल शिमला नगर निगम ही था, जिसके बाद धर्मशाला को दूसरा नगर निगम बनाया गया।

 दोनों शहर इस समय केंद्र के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल हैं, जिनके लिए करोड़ों रुपए की धनराशि हिमाचल को मिल रही है। सोलन को नगर निगम बनाए जाने के लिए ही सरकार ने नियमों में परिवर्तन किया था। एक संशोधन इसमें किया गया है, जिसके तहत आबादी का क्राइटेरिया कम हुआ है। पहले नगर निगम के लिए आबादी 50 हजार तय थी, जिसे अब घटाकर 40 हजार कर दिया है, जिसमें सोलन शहर की दावेदारी नगर निगम के लिए बनती है। हालांकि वहां पर कुछ पंचायतें इसका विरोध कर रही हैं और विरोध बढ़ रहा है, मगर सरकार चाहती है कि सोलन को नगर निगम बनाया जाए।

छह सप्ताह का वक्त

निरमंड, आनी और अंब के लिए छह सप्ताह में आपत्तियां व सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिसके बाद यह एरिया भी शहरी क्षेत्र में शामिल हो जाएगा। यहां पर नगर पंचायत की व्यवस्था होगी, जो कि वर्तमान में पंचायत का ही एरिया है। शहरी विकास विभाग के संयुक्त सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने इसकी पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App