तूफान व बारिश ने खेतों में लेटाई मक्की की फसल

पंडोह – क्षेत्र में मौसम का मिजाज बिगड़ने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। तेज आंधी और बारिश से मक्की की फसल तबाह हो गई है। भारी तूफान के चलते जहां क्षेत्र की मक्की की फसल बिछ (गिरना) गई है, वहीं कुछ फलदार पौधों को भी नुकसान हुआ है। तूफान के कारण क्षेत्र में हुई तबाही को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि इस बार समय पर बारिश व बिजाई होने से मक्की की अच्छी फसल हुई थी, जिसके चलते  किसान अपनी फसल को देखकर खुश थे, लेकिन तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।

तूफान से पड़ोह क्षेत्र के गांव धडोली, बगैयोध, सकरैणी, सोझा और तरैबला सहित अन्य क्षेत्रों में मक्की की फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। किसानों रमेश कुमार, बालक राम, देवी राम, कालूराम, ताखु राम, लोदर चंद और पूर्ण चंद ने जिला प्रशासन से बर्बाद हुई फसल के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस बार अच्छे समय पर बिजाई व बारिश के चलते मक्की की बंपर फसल थी। लॉकडाउन के चलते कुछ क्षेत्र के किसानों ने बंजर भूमि पर भी मक्की की बिजाई की थी। ताकि कोरोना काल के दौरान फसल का भरपूर लाभ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि तूफान ने क्षेत्र के चारों तरफ फसल को लेटा दिया है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में अगर मौसम दोबारा बिगड़ता है, तो समस्त किसानों को मक्की की फसल से हाथ धोना पड़ेगा। वहीं किसानों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से जल्द मुआवजे की मांग की है, ताकि  कम से कम खेतीबाड़ी पर किया खर्च ही नसीब हो सके। इस बारे में पंचायत प्रधान शीला देवी ने बताया कि किसानों की फसल तेज आंधी से बर्बाद हुई है। जिला प्रशासन को उचित मुआवजा देकर किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए, जबकि राजस्व अधिकारी पंडोह ने भी फसल का मुआयना कर आलाधिकारियों को सूचित कर दिया है।