ऊना में ठेकेदारी प्रथा बंद, सफाई कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

By: Aug 9th, 2020 12:20 am

ऊना – नगर परिषद ऊना ने सफाई व्यवस्था बनाने के लिए ठेकेदारी प्रथा को बंद करने का निर्णय लिया है। नगर परिषद अब सीधे सफाई कर्मचारियों को सफाई का जिम्मा सौंपेगी। नगर परिषद सेल्फ हैल्प ग्रुप बनाकर सफाई कर्मचारियों से साफ-सफाई का काम करवाएगी। इससे सफाई कर्मचारियों को जहां समय पर वेतन मिल पाएगा। वहीं, उनके वेतन में भी बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों का ईपीएफ भी काटा जाएगा। नगर परिषद ऊना में पिछले लंबे समय से सफाई कर्मचारियों के पद लंबित पड़े हुए है।

प्रदेश सरकार फंडस की कमी के चलते उक्त पदों को नहीं भर पा रही है। ऐसे में नगर परिषद ऊना द्वारा आउटसोर्स पर सफाई कर्मचारियों को तैनात कर सफाई का काम करवाया जा रहा है। सफाई कर्मचारी जहां शहर को साफ-सूथरा रखने के लिए ईमानदारी व कर्त्तव्यनिष्ठा से काम कर रहे थे। वहीं, कई ठेकेदार सफाई कर्मचारियों का शोषण कर रहे थे। सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा था। न ही कर्मचारियों का ईपीएफ काटा जा रहा था। जिसे ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ऊना ने अब सीधे कर्मचारियों से काम लेने का मन बना लिया है। इसके लिए ठेकेदारी प्रथा के बजाय सफाई कर्मचारियों के सेल्फ हैल्प ग्रुप बनाकर उन्हें सफाई का काम दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां भी की जा रही है। वहीं, नगर परिषद ऊना में सफाई कर्मचारी पिछले 20 से 30 सालों से सफाई का जिम्मा संभाले हुए है।

कई ठेकेदार इन्हीं कर्मचारियों के साथ ठेका लेकर काम चला रहे है। कई ठेकेदार सफाई कर्मचारियों से काम लेकर समय पर वेतन का भुगतान नहीं कर रहे थे। जिनकी शिकायतें भी नगर परिषद ऊना के पास पहुंची थी। वहीं, चेयरमैन नगर परिषद ऊना अमरजोत सिंह बेदी ने कहा कि ठेकेदारी प्रथा के बजाय सीधे सफाई कर्मचारियों को काम देने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए सेल्फ हैल्प गु्रप बनाकर कर्मचारियों को रोजगार दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों को जहां समय पर वेतन मिल पाएगा। वहीं उन्के वेतन में भी बढ़ोतरी होगी। कर्मचारियों का ईपीएफ भी काटा जाएगा।

पक्का परोह में सड़क हादसा, दंपति घायल

अंब। थाना अंब के तहत पक्का परोह में एक सड़क दुर्घटना में दंपति के घायल होने का समाचार है। जानकारी के अनुसार शुक्त्रवार देर सायं पीडि़त मनीष व उसकी पत्नी राधा अपनी बाइक पर अपने घर कुठियाडी जा रहे थे तो पक्का परोह पुल के नजदीक बाइक स्किट कर गई। जिसके चलते दोनों को चोटें आई हैं। उन्हें अंब हास्पिटल में दाखिल करवाया गया। जहां पर डाक्टर ने उपचार के बाद उन्हें सीटी स्कैन के लिए ऊना हास्पिटल रैफर कर दिया है। डीएसपी मनोज जम्वाल ने घटना की पुष्टि की है।

संघनेई में मारपीट पर केस दर्ज

गगरेट। उपमंडल गगरेट के संघनेई गांव में दो भाइयों में हुआ आपसी झगड़ा पुलिस थाने तक पहुंच गया। एक भाई ने दूसरे भाई व उसकी पत्नी पर उसका रास्ता रोक कर मारपीट का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संघनेई गांव के संजीव कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि शुक्रवार सायं उसके भाई राजीव कुमार व उसकी पत्नी ने उसका रास्ता रोक कर उससे मारपीट की और इस मारपीट में उसे चोटें आई हैं। पुलिस ने पीडि़त का मेडिकल करवा मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App