पंजाब-हरियाणा के बाद जल्द हिमाचल प्रदेश भी आ सकती हैं चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की बसें

By: निजी संवाददाता - चंडीगढ़ Sep 30th, 2020 12:05 am

पंजाब-हरियाणा के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के लिए भी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस सर्विस शुरू होगी। इन राज्यों के प्रमुख रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। अभी चुनिंदा रूट पर ही सर्विस शुरू होगी। यह बस सर्विस पहली अक्तूबर से शुरू हो सकती है। इस पर अंतिम फैसला बुधवार को होगा। इन राज्यों से अभी बस सर्विस के लिए मंजूरी भी नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पहली अक्तूबर तक एनओसी मिलने के बाद बस सर्विस शुरू हो सकती है। हालांकि इन राज्यों के लिए बस चलने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है।

दोनों आइएसबीटी के इंक्वायरी काउंटर और फोन सेवा पर रोजाना सैकड़ों कॉल आ रही हैं। इसको देखते हुए चुनिंदा रूट से इन राज्यों में भी बस सेवा फिर से बहाल करने की तैयारी अधिकारियों ने शुरू कर दी हैं। बता दें छह महीने बाद 16 सितंबर से सीटीयू ने पंजाब और हरियाणा के 16 रूटों पर बस सर्विस शुरू की थी। अभी बसें 50 फीसद क्षमता के साथ ही चलाई जा रही हैं। अभी आगे भी बसें इतनी ही पैसेंजर क्षमता के साथ चलेंगी। पंजाब और हरियाणा के रूट पर पैसेंजर लोड को देखते हुए इन रूट पर बस संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही कई अन्य शहरों के लिए भी बस सर्विस शुरू होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App