सुजानपुर में तेंदुए का खौफ, मार डाली आठ भेड़-बकरियां

सुजानपुर में आठ भेड़-बकरियों को तेंदुए ने मार डाला। बताया जा रहा है कि विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की ग्राम पंचायत बिजरोल निवासी अमर चंद व ईश्वर दास की आठ भेड़ों पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। वार्ड पंच गुरदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने भेड़-बकरियों को रोजाना की तरह चराने के लिए छोड़ा था, लेकिन वे पूरा दिन वापस नहीं आईं। रविवार सुबह जंगल में उनके शव पाए गए।

इन्हें देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें तेंदुए ने अपना शिकार बनाया है। वार्ड पंच ने बताया कि पंचायत में तेंदुए ने आतंक मचाया हुआ है। इससे पहले भी कई बार तेंदुआ ग्रामीणों के पशुओं को अपना निवाला बना चुका है। पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग से आग्रह किया है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए।