आठ से बढ़कर 12 घंटे हो जाएगी ड्यूटी, जानिए, क्यों हो रहा मोदी सरकार का विरोध

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो,-कुल्लू Sep 23rd, 2020 6:14 pm

कुल्लू – जिला मुख्यालय कुल्लू में केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की जयराम ठाकुर सरकार पर ट्रेड यूनियनें खूब बरसी। यही नहीं केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर पूरे देश में मजदूरों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला कुल्लू में भी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की संयुक्त समन्वय समिति जिला कुल्लू द्वारा सीटू कार्यालय कुल्लू से सैंकड़ों मजदूरों द्वारा रैली निकाली गई व जिलाधीश कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। समिति के संयोजक राजेश ठाकुर ने बताया कि आज केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानूनों में मजदूर विरोधी संशोधन किए जा रहे हैं। श्रम कानूनों में किए गए बदलाव पूर्णत: मजदूर विरोधी हैं।

इन बदलावों से भारत व हिमाचल प्रदेश के करोड़ों मजदूरों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इससे देश के लगभग 73 प्रतिशत मजदूर श्रम कानूनों के दायरे से वाहर हो जाएंगे। ठेका मजदूर कानून बदलाव से करोड़ों मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा बिल्कुल नष्ट हो जाएगी तथा औद्यौगिक मजदूरों की स्थिति बंधुआ मजदूरों की तरह हो जाएगी। काम के घंटे आठ से वारह होने से मजदूरों का शोषण और बढ़ेगा और एक तिहाई मजदूर रोजगार से वंचित हो जाएंगे। श्रम कानूनों में बदलाव उद्योगपतियों, पूंजीपतियों व ठेकेदारों के हित में हैं व इससे मजदूरों का शोषण ण्बढेगा। बैंक, बीमा, रेलवे, बीएसएनएल, रक्षा क्षेत्र, कोयला, एयरपोर्ट सहित सभी सार्वजनिक क्षेत्रों को एक एक करके बेचा जा रहा है, जो कि बेहद चिंतनीय विषय है।

सरकार ने पचास साल की आयु पूर्ण करने अथवा 30 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर नियमित सरकारी कर्मचारियों की छंटनी व जबरन रिटायरमेंट का फरमान जारी कर दिया है जो चिंतनीय है। नवउदारवादी नीतियों के चलते पहले ही नियमित सरकारी कर्मचारियों की जगह ठेके, अनुबंध, पार्टटाईम, टैंपरेरी तरीकों से भर्तियां की जा रही हैं व नियमित रोजगार पर अघोषित प्रतिबंध है, उस पर सरकार जवरन रिटायमेंट का फरमान जारी कर रही है। इसलिए आज सरकार से मांग की गई है कि श्रम कानूनों में मजदूर विरोधी संशोधनों पर रोक लगाई जाए। 44 श्रम कानूनों के बदले 4 लेवर कोड़ों की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।

सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण पर रोक लगाई जाए। 50 वर्ष की आयु अथवा 30 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने वाले नियमित्त सरकारी कर्मचारियों की छंटनी व जवरन रिटायरमैन्ट के आदेशों पर रोक लगाई जाए। इस अवसर पर सीटू के जिलाध्यक्ष सर चंद ठाकुर, सीटू के जिलाध्यक्ष भूप सिंह भंडारी, खेतीहर मजदूर यूनियन इंटक अध्यक्ष चंद्र वल्लभ नेगी ने भी प्रदर्शन में मजदूरों को संबोधित किया। प्रदर्शन में इंटक के राजेंद्र, संगत राम, सीटू के चमन लाल, उत्तम ठाकुर, पवन कुमार, प्रवीण कुमार, चुनी लाल, रामेंद्र शर्मा, अमित कुमार सहित काफी संख्या में संयुक्त समन्वय समिति के पदाधिकारी व मजदूर, किसान मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App