अफसरों की बार-बार ट्रांसफर सही नहीं

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो - धर्मशाला Sep 30th, 2020 12:02 am

पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार के काम पर उठाए सवाल

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि ताश के पत्ते फेंटते रहने से जोकर हुकुम का इक्का नहीं बन जाता। उन्होंने यह बात सरकार द्वारा बार-बार किए जा रहे हैं प्रशासनिक फेरबदल पर तंज कसते हुए कही। सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे को निशाना बना रही है। प्रजातंत्र में जनता द्वारा चुनी हुई सरकारों का यह दायित्व बनता है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे और चुनाव में किए गए वादों को पूरा करें, लेकिन इससे उलट प्रदेश में भाजपा सरकार अपनी घोषणाओं को पूरा न होते देख सारा ठीकरा प्रशासनिक अधिकारियों के ऊपर थोप रही है। सुधीर शर्मा ने कहा सरकार यह भूल चुकी है, लेकिन चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अधिकारियों से काम लें, लेकिन प्रदेश सरकार यह करने में विफल रही है।

जब अधिकारियों को स्पष्ट रूप से यही नहीं बताया जाएगा कि सरकार की नीति क्या है और प्रदेश हित में दूरगामी क्या कार्य करने हैं, तो ऐसा होना संभव है। यह वर्तमान सरकार की भड़ास है, जिसे वह तबादलों के रूप में अधिकारियों के ऊपर निकाल रही है। जब किसी भी अधिकारी को एक पद पर थोड़ा समय भी रुकने नहीं दिया जाएगा, तो आप उसकी कार्यप्रणाली पर कैसे शक कर सकते हैं। ऐसा तो नहीं कि बाहरी दबावों के चलते इस प्रकार की फेरबदल प्रदेश के अंदर किए गए हों। बार-बार प्रशासनिक ढांचे में फेरबदल होने से प्रदेश के आला अफसरों का मनोबल गिरा है, और जनता का भी सरकार के ऊपर से विश्वास उठ चुका है। अफसरशाही के बार-बार के फेरबदल से प्रदेश में विकास की गति रुक गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App