आखिर ड्रैगन ने किया स्वीकार: गलवान में मारे गए थे चीनी सैनिक, 15 जून को हुआ था हिंसक टकराव

By: एजेंसियां — बीजिंग Sep 19th, 2020 12:08 am

चीन ने आखिरकार यह स्वीकार कर  लिया है कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के नजदीक गलवान घाटी में 15 जून को भारतीय सेना के साथ हुए हिंसक संघर्ष में उसके जवान भी हताहत हुए थे। गलवान में कितने चीनी सैनिक हताहत हुए थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक नहीं आई है, लेकिन ग्लोबल टाइम्स ने पहली बार चीनी पक्ष के नुकसान की बात मानी है। वह इसके पहले अपने सैनिकों की मौत की रिपोर्ट को सिरे से खारिज करता रहा था।

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के  मुखपत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ के संपादक  हू शिजिन ने यह माना है कि गलवान घाटी में हुए संघर्ष में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवान भी मारे गए थे। हालांकि उनकी संख्या 20 से काफी कम थी।

इसके अलावा चीन का कोई भी सैनिक भारतीय पक्ष द्वारा बंधक नहीं बनाया गया था। दरअसल, 15 जून को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक टकराव हुआ था, जिसमें 20 भारतीय सैनिकों ने बलिदान दिया था। इस झड़प में काफी संख्या में चीनी सैनिक भी हताहत हुए थे। भारत ने जहां अपने शहीद सैनिकों की संख्या का ऐलान किया था, चीन ने अभी तक अपने मारे गए सैनिकों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, अमरीकी इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार झड़प में चीन के 40 सैनिक भी मारे गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App