अनुराग पर की टिप्पणी से भाजपा गर्म

By: नगर संवाददाता-चिंतपूर्णी Sep 20th, 2020 8:55 am

 ऊना-हमीरपुर-बिलासपुर में पार्टी नेताओं ने जताई नाराजगी, कांग्रेस का पुतला भी फूंका

कांग्रेस के नेता द्वारा लोक सभा में हिमाचल से हमीरपुर के सांसद व वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर युवा मोर्चा जिला के उपाध्यक्ष नितिश खन्ना ने कहा कि जिन हिमाचलियों के प्रति कांग्रेस के नेताओं ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, उनके लिए में कांग्रेस को बता दूं कि देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता होने का गौरव एक हिमाचली को ही प्राप्त है। चार-चार परमवीर चक्र विजेता हिमाचली ही है। उन्होंने कहा कि जब अधिकांश कांग्रेसी घरों में चैन की नींद सो रहे होते है, उस समय असंख्य हिमाचली जवान सरहद पर देश की रक्षा कर रहे होते है। हिमाचल के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग करना संस्कार विहीन कांग्रेस की मानसिक दिवालिया पन की निशानी है।

नितिश खन्ना ने कहा कि यह वहीं अनुराग ठाकुर है जिन्होंने कलकाता में जन्मे स्वामी विवेकानंद जी के पदचिन्हों पर चलते हुए राष्ट्र एकता के लिए युवाओं का ध्वजवाहक बन कर अपनी जान की परवाह किए बिना कोलकाता से श्रीनगर के लाल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली थी। उन्होंने कहा कि संसद में जिस तरह से कांग्रेस के नेता ने हिमाचली होने पर टिप्पणी की वह हिमाचलियों की सभ्यता, संस्करों तथा शालीनता पर चोट है। खन्ना ने कहा कि जबसे हिमाचल की जनता ने लोकसभा की चारो सीटे भाजपा को जितवा कर मोदी की झोली में डाली है तथा मोदी ने हमारे सांसद अनुराग ठाकुर को मंत्री मंडल में शामिल किया, तभी से ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता हिमाचलियों के प्रति अपनी खुनस जाहिर कर रहे है।

हमीरपुर जिला महामंत्री बोले, कांग्रेस नेता मांगें माफी

हमीरपुर। कांग्रेसी नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा हिमाचल के युवा सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के संबंध में अभद्र एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग करना अति निंदनीय है। यह बात एपीएमसी हमीरपुर केचेयरमैन एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री अजय शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं।

अजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संसद में तथ्यों के आधार पर चर्चा कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी संसद में नेहरू गांधी परिवार का हितैषी होने का ड्रामा करने के लिए अपना आपा खो बैठे और उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के विरुद्ध अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया है। इसके लिए उन्हें जहां सदन से माफी मांगनी चाहिए, वहीं पूरे देश से भी माफी मांगनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App